Re. No. MP-47–0010301

Sidhi nagarpalika news: नपा अधिकारी ने जारी किया 15 मैरिज गार्डनो को नोटिस, बिना अनुमति संचालित विवाह घरों में लगेगा ताला

 Sidhi nagarpalika news: नपा अधिकारी ने जारी किया 15 मैरिज गार्डनो को नोटिस, बिना अनुमति संचालित विवाह घरों में लगेगा ताला

सीधी-नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत शहर में नियम विरूद्ध तरीके से संचालित विवाह घरों के खिलाफ कार्यवाही की गाज गिर सकती है। बताया गया है कि इस प्रकार के मैरिज गार्डन जो नगर पालिका परिषद की गाइडलाइन का पालन नहीं करते उन्हे बंद करने की तैयारी भी की गई है। कुल मिलाकर नगर पालिका परिषद द्वारा कुल 15 मैरिज गार्डन संचालकों को नोटिस जारी किया गया है जिसके बाद हड़कंप मच गया है। बताया गया है कि जिन विवाह घरो को नोटिस जारी हुई है उन पर लाखों का टैक्स बकाया हुआ है और तो और इनमें से बहुत तो ऐसे हैं जो बगैर नगर पालिका के अनुमति से संचालित हो रहे हैं।
गौरतलब है कि इन दिनों नगर पालिका परिषद सीएमओ मिनी अग्रवाल द्वारा टैक्स वसूली के लिए विशेष अभियान शहर में चलाया जा रहा है। यहां पर करोड़ों रूपए शहरवासियों पर बकाया है जिसके चलते नगर पालिका परिषद की माली हालत कमजोर हो गई है। बताया गया है कि पहले दर्जनों की संख्या में दुकानदारों को टैक्स जमा करने के लिए नोटिस जारी किया गया और अब नगर पालिका सीएमओ मिनी अग्रवाल द्वारा शहर में संचालित ऐसे 15 विवाह घर संचालकों को नोटिस जारी किया गया है जो नगर पालिका की गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। यह भी बताया गया है कि नोटिस का जवाब यदि समय पर नहीं दिया अथवा नोटिस के हिसाब से टैक्स की अदायगी नहीं की तो ऐसे पैलेस पर ताला भी लग सकता है।

नोटिस जारी कर मांगा जवाब

नगर पालिका परिषद सीधी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक शहर में कुछ ऐसे भी विवाह घर हैं जिन्होने बगैर नगर पालिका की अनुमति के इसका संचालन कर रहे हैं। बताया गया है कि ऐसे सभी मैरिज गार्डन को चिन्हित कर दिया गया है तथा उनके खिलाफ कार्यवाही करने की पूरी तैयारी नगर पालिका परिषद ने कर ली है। जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक उन्हे भी नोटिस जारी किया गया है यदि इसके बाद भी विवाह घर संचालक नोटिस का जवाब देने में आनाकानी करते हैं अथवा नगर पालिका का टैक्स नहीं जमा करते तो उनके खिलाफ ताला बंद करने की कार्यवाही की जाएगी।

इन विवाह घरो को नोटिस जारी
शहर में दर्जनों की संख्या में विवाह घर संचालित हैं। जिनमें से अधिकांश नगर पालिका के गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। बताया गया है कि जिन 15 विवाह घर संचालकों को नोटिस जारी की गई है उसमें रमा बल्देव पैलेस, सिद्धू पैलेस, स्वयंवर पैलेस, अल्का छाया, अमर प्रेम, भारतद्वाज पैलेस, शक्ति पैलेस, रमा गोविन्द, सांई गार्डन, सुन्दर गार्डन, अशोका गार्डन आदि प्रमुख हैं।

इन पर नहीं नगर पालिका की पहुंच
नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत संचालित कुल 15 विवाह घर संचालकों को नोटिस जारी हुई है किन्तु नगरीय क्षेत्र से लगे तीन ऐसे पैलेस भी हैं जिन पर नगर पालिका कार्यवाही नहीं कर पाएगा। बताया गया है कि सिंगरौली रोड में संचालित दो पैलेसों के अलावा शहडोल रोड में संचालित एक विवाह घर नगर पालिका क्षेत्र से बाहर संचालित हैं लिहाजा इनके खिलाफ कार्यवाही नहीं की जाएगी।

इनका कहना है
शहर में नियम विरूद्ध तरीके से संचालित सभी विवाह घरों के खिलाफ कार्यवाही करने की तैयारी की गई है। नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत ऐसे 15 विवाह घर संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। इनका नगर पालिका का टैक्स बकाया है साथ ही कुछ ऐसे भी विवाह घर हैं जिन्होने संचालन के लिए अनुमति नगर पालिका से नहीं ली है।

मिनी अग्रवाल सीएमओ, नगर पालिका सीधी।

 

Leave a Comment

error: Content is protected !!