Re. No. MP-47–0010301

Sidhi news;जिले में उत्सव के रूप में मनाया गया भगवान रामलला का प्राण प्रतिष्ठा समारोह,श्री रामजानकी मंदिर में हुआ मुख्य कार्यक्रम…

जिले में उत्सव के रूप में मनाया गया भगवान रामलला का प्राण प्रतिष्ठा समारोह,श्री रामजानकी मंदिर में हुआ मुख्य कार्यक्रम…

सीधी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की गई। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान श्रीराम के स्वरूप की विधिवत पूजा-अर्चना की। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि आज हमारे राम आ गए हैं। सदियों से जिस क्षण की प्रतीक्षा थी वह क्षण आज आ गया है। अनगिनत लोगों के संघर्ष और बलिदान के बाद आज भगवान राम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो गया है और इसमें भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा हो गई है। भगवान राम चेतना, ऊर्जा और भारतीय संस्कृति के प्रतीक हैं। भगवान राम सदियों से हमारे मन में बसे हुए हैं। आज का दिन दिव्य, भव्य और विकसित भारत बनाने की नींव रखे जाने का दिन है। इस पावन अवसर पर आज हर भारतवासी राम सेवा से राष्ट्र सेवा का संकल्प ले। सबके सहयोग से यह देश निश्चय ही विश्वगुरू बनकर विश्व में स्थापित होगा। मंदिर निर्माण के लिए न्यायपालिका ने निर्णय देकर मार्ग प्रशस्त किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान राम किसी धर्म विशेष के नहीं हैं। भगवान राम सबके हैं। उनका चरित्र सर्वश्रेष्ठ है। भगवान राम की कथा हमारे आध्यात्मिक चिंतन और सामाजिक जीवन का आधार है। भगवान राम मर्यादा पुरूषोत्तम हैं। भगवान राम आग नहीं ऊर्जा का स्त्रोत हैं। भगवान राम समस्या नहीं समाधान हैं। हम सब मिलकर भगवान राम के आदर्शों के अनुसार देश का निर्माण करेंगे। भगवान राम ने शबरी के बेर खाए और निशादराज को अपना मित्र बनाया। भगवान राम की चेतना और अलौकिक दृष्टि का प्रभाव सब पर है।

सीधी में श्री राम जानकी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री अजय प्रताप सिंह, विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक, जिला पंचायत सीधी की अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, जनपद पंचायत सीधी के अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह परिहार, कलेक्टर श्री साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राहुल धोटे, अपर कलेक्टर श्री राजेश शाही, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री देव कुमार सिंह चौहान, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के सजीव प्रसारण में शामिल हुए।

Leave a Comment

error: Content is protected !!