खनिज अमले पर रेत माफिया ने किया हमला,छुड़ा ले गए ट्रैक्टर
शहडोल-शहडोल में पटवारी हत्याकांड के बाद खनन माफिया के हौंसले एक बार फिर से बुलंद हैं। सोमवार रात माफिया खनिज विभाग की टीम से रेत भरा ट्रैक्टर छुड़ाकर भाग गए। जब खनिज की टीम ने इसका विरोध किया तो माफिया ने उनके वाहन में पथराव कर दिया।
घटना के बाद खनिज अधिकारी देवेंद्र पटले ने थाना जाकर पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक विवेक तिवारी और चालक हंसराज कोल निवासी लेदरा को गिरफ्तार कर लिया है।
जिला खनिज अधिकारी देवेंद्र पटले ने बताया कि घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात बरेली में हुई। खनिज अमले ने रेत भरे एक ट्रैक्टर को पकड़ा लेकिन तभी ट्रैक्टर मालिक वहां पहुंच गया। विवेक तिवारी निवासी लेदरा ने अपने साथियों के साथ पहुंचा। उसने खनिज विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट कर और उनके वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद ट्रैक्टर को रेत सहित छुड़ाकर भाग गए।
घटना ने बाद खनिज विभाग की टीम गोहपारू थाना पहुंची।विभाग में पदस्थ सर्वेक्षक समयलाल गुप्ता की शिकायत पर रेत माफिया के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।








