Re. No. MP-47–0010301

कलेक्ट्रेट में चोरों ने बोला धावा,खिडकी तोड़ ले गए कम्प्यूटर का सामान

कलेक्ट्रेट में चोरों ने बोला धावा,खिडकी तोड़ ले गए कम्प्यूटर का सामान

भोपाल– कोहेफिजा थाना क्षेत्र में स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित खाद्य शाखा के कार्यालय में चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने खिड़की को तोड़कर सेंध लगाई है। बताया जा रहा है कि खाद्य शाखा कार्यालय के रोशनदान में लगे लोहे के सरिए तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुसा और मानीटर व की-बोर्ड चुराकर ले गया। हालांकि इस हाल में सीसीटीवी कैमरा भी लगा हुआ है, जिसकी रिकार्डिंग खंगाली जा रही है। साथ ही इसकी शिकायत कोहेफिजा थाने में भी की गई है।

जिला आपूर्ति नियंत्रक मीना मालाकार ने बताया कि सोमवार को कर्मचारियों ने जब कार्यालय खोला तो खिड़की का सरिया टूटा हुआ था। आसपास की दीवार भी तोड़ी गई थी। वहीं कार्यालय में रखा कम्प्यूटर मानीटर, स्क्रीन और की बोर्ड गायब था। सीसीटीवी में देखने पर पता चला कि कोई दुबला बच्चा या कोई व्यक्ति लोहे के सरिये तोड़कर अंदर घुसा है। बता दें कि कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरों के साथ ही एक-चार का गार्ड चौबीस घंटे तैनात रहता है। ये गार्ड कलेक्ट्रेट के अगले हिस्से पर नजर रखते हैं, इसके बावजूद चोरी होना सुरक्षा इंतजाम पर सवालिया निशान खड़ा करता है।
पांच माह पहले भी हो चुकी है चोरी

यहां पर यह बता दें कि कलेक्ट्रेट की निर्वाचन शाखा में पांच महीने पहले छुट्टी वाले दिन दिनदहाड़े कम्प्यूटर सेट चोरी हो चुका है। तब जिला निर्वाचन कार्यालय में 65 हजार कीमत का कम्प्यूटर सेट चोरी होने के बाद ही कलेक्ट्रेट में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इसके पहले सीसीटीवी नहीं होने की वजह से चोर का सुराग नहीं लगा था। पुलिस अब तक निर्वाचन शाखा में हुई चोरी का सुराग नहीं लगा पाई है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!