Shahdol news:लाठी डंडे से पीटकर पति ने की पत्नी कि हत्या, मौके से हुआ फरार
शहडोल- जिलेे के साेहागपुर थाना क्षेत्र के इमलीघाट में पति-पत्नी का घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पीट-पीट कर पत्नी की हत्या कर भाग गया। शनिवार की सुबह पुलिस को मृतका के मायके वालों ने सूचना दी तब मामला सामने आया। जानकारी लगते ही डायल हंड्रेड के साथ थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे।
लाठी-डंडों से जमकर पीटा, लोगों से मदद मांग रही थी
थाना प्रभारी भूपेंद्रमणि पांडेय ने बताया कि महिला लामिया बैगा 35 को उसके पति बब्बू बैगा 40 ने पीट-पीट कर मार डाला है।जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह पति-पत्नी में किसी घरेलू बात को लेकर झगड़ा हुआ था। उसी समय नाराज पति ने अपनी पत्नी को लाठी-डंडों से जमकर पीटा। महिला अपने बचाव के लिए लोगों से मदद मांग रही थी लेकिन सुबह होने की वजह से लोग घरों में सो रहे थे और मदद के लिए नहीं पहुंच पाए। बाद में घर से 300 मीटर की दूरी पर महिला का खून से लथपथ शव मिला है।
आरोपित बब्बू बैगा के फूफा ने अचेत अवस्था में शव पड़ा देखा। इसके बाद मामले की जानकारी महिला के मायके पक्षको दी गई। मायका पड़ोस के ही गांव में हैं। मायके पक्ष के लोग घटना स्थल पहुंचे और डायल हंड्रेड को खबर दी गई। डायल हंड्रेड में तैनात आरक्षक राजेंद्र शुक्ला पायलट प्रदीप तिवारी मौके पर पहुंचे और मामले की खबर थाना प्रभारी को दी। जानकारी के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया है।वहीं आरोपित पति घटना के बाद से फरार है, जिसे पुलिस तलास रही है।थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक आरोपित का पता नहीं चला है।पुलिस तलाश रही है,संभावना है जल्दी मिल जाएगा।








