Re. No. MP-47–0010301

Tiger dead: टाइगर रिजर्व में 2 बाघ शावकों की मौत

Tiger dead: टाइगर रिजर्व में 2 बाघ शावकों की मौत

उमरिया- बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में दो बाघ शावकों की मौत होने की जानकारी सामने आ रही है। वन विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक टाइगर रिजर्व के पनपथा और खितौली रेंज में दो शावकों की मौत हुई है।बाघों के लिए विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से बाघ प्रेमियों के लिए बुरी खबर आई है। सोमवार को टाइगर रिजर्व में दो शावकों की मौत हो गई है। जानकारी के बाद टाइगर रिजर्व प्रबंधन जांच में जुटा हुआ है।

जानकारी के अनुसर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा परिक्षेत्र के सेहरा बीट में क्षत-विक्षत अवस्था में बाघ शावक का शव मिला है। जिसकी जानकारी लगते ही टाइगर रिजर्व के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। प्रबंधन ने शावक की मौत आपसी संघर्ष में होना बताया है। वहीं प्रबंधन ने सोमवार को ही शव का पोस्टमार्टम करवा कर अंतिम संस्कार कर दिया है।

वहीं बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सोमवार को ही दूसरे शावक का शव खितौली परिक्षेत्र के गढ़पुरी गांव के पास मिलने की जानकारी प्रबंधन को लगी। जिसके बाद शावक और उसकी मां (बाघिन) की पहचान के लिए प्रबंधन जुटा हुआ है। वहीं इस शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को होगा और उसके बाद शावक का अंतिम संस्कार होगा।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के अधिकारियों ने बताया कि 2 शावकों के शव मिले हैं। आपसी संघर्ष में शावकों की मौत हुई है। दोनों शावकों की उम्र एक वर्ष से कम है। जांच की जा रही है। दोनों ही बाघ शावकों पर किसी बड़े बाघ ने हमला किया है, जिससे उनकी मौत हुई है।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!