Re. No. MP-47–0010301

Sidhi crime:अरहर के खेत में मिला नवविवाहिता का शव,चार दिन से थी लापता

Sidhi crime:अरहर के खेत में मिला नवविवाहिता का शव,चार दिन से थी लापता

सीधी- एक पखवाड़े पूर्व विवाह बंधन में बंधी युवती का संदिग्ध परिस्थितियों में अरहर के खेत में शव मिला है। एक सप्ताह पहले ही वह ससुराल से मायके आई थी, और दूसरे दिन लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला, इसके बाद पुलिस सहायता केंद्र टिकरी में गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि शनिवार की सुबह घर से करीब पांच सौ मीटर दूरी पर झाडियों से घिरे अरहर के खेत में उसका शव देखा गया। परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई उपरांत शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर विवेचना में जुट गई है।

बता दे कि मझौली थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी टिकरी  अंतर्गत ग्राम दरिया निवासी रेखा पिता बुद्धराज सिंह (22) का विवाह बीते 8 मार्च को इसी थाना क्षेत्र के सेंदुरा गांव में हुआ था। मायके वाले बीते 24 मार्च को उसे ससुराल से बुलाकर मायके लाए थे। 26 मार्च को सुबह करीब 8 बजे वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश किये, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों द्वारा 27 मार्च को पुलिस सहायता केंद्र टिकरी में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

गौरतलब है कि अरहर के खेत में पड़ा मिला नवविवाहिता का शव काफी क्षत विक्षत हो गया था। पुलिस के अनुसार मौत तीन- चार दिन पूर्व होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इसके कारण शरीर पर चोंट आदि के निशान भी स्पष्ट रूप से नजर नहीं आ रहे थे। पुलिस पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कर पाने की स्थिति बता रही है।

एसपी व एफएसएल टीम मौके पर पहुंची


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा भी घटना स्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही एफएसएल टीम व खोजी कुत्ता भी मौके पर ले जाया गया और बारीकी से जांच कराई गई। लेकिन अभी फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं हो पाया है।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!