कार्यालय बना मैखाना, तस्वीर हुईं वायरल तो सस्पेंड हुए सबइंस्पेक्टर
सतना पुलिस की रेडियो शाखा के कार्यालय को मयखाना बनाना शाखा प्रभारी सब इंस्पेक्टर को महंगा पड़ गया। तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो एसपी ने उन्हें सस्पेंड कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रेडियो विजय कुमार खत्री ने सतना पुलिस की रेडियो शाखा के प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश पांडेय को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। निलंबित सब इंस्पेक्टर को निलंबन अवधि में जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता के साथ रेडियो मुख्यालय जबलपुर अटैच कर दिया गया है।
दरअसल, बुधवार को सोशल मीडिया पर सब इंस्पेक्टर राजेश पांडेय की एक फोटो वायरल हुई थी। तस्वीर में राजेश पांडेय हाफ पैंट-टीशर्ट और स्लीपर पहन कर ऑफिस में बैठे नजर आ रहे थे। उनके बाजू में एक स्टूल पर शराब से भरा एक गिलास भी रखा था जबकि सामने की तरफ बैठे एक अन्य व्यक्ति के हाथ मे मोबाइल फोन था जिसकी स्क्रीन पर कोई अश्लील चित्र भी नजर आ रहा था।
तस्वीर वायरल होने के बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार खत्री को इस पर एसपी रेडियो रीवा ने प्रतिवेदन प्रेषित किया था। एसएसपी ने सब इंस्पेक्टर एवं सतना पुलिस की रेडियो शाखा के प्रभारी राजेश पांडेय के इस कृत्य को अनुशासन के विपरीत आचरण और पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाला मानते हुए उन्हें निलंबित करने का आदेश दे दिया।








