Re. No. MP-47–0010301

दुष्कर्म आरोपी के घर चला बुलडोजर, जमींदोज हुआ दो मंजिला मकान

अशोकनगर में दुष्कर्म आरोपी के घर चला बुलडोजर, जमींदोज हुआ दो मंजिला मकान

अशोकनगर। कोतवाली थाना क्षेत्र के रामपुरा मोहल्ले में एक 22 वर्षीय युवती को उसी के घर से खींच कर अपहरण करने के प्रयास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. जिसमें आरोपी घर के बाहर तलवार व लोहे की रॉड सहित अन्य हथियार लेकर रंगदारी कर रहे थे. वहीं युवती द्वारा इस मामले में रंगदारी करने वाले युवक पर 376 का मामला दर्ज कराया गया था. जिसके बाद पुलिस प्रशासन की टीम ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाकर उसका दो मंजिला मकान जमीनदोज कर दिया.

पहले किया रेप, बाद में घर से अपहरण की कोशिश

2 दिन पहले देर शाम रामपुरा में चार से पांच लोगों ने हाथों में तलवार एवं लाठियां लेकर जमकर आतंक मचाया. इन लोगों ने एक 22 वर्ष की युवती के घर में घुसकर उसका अपहरण करने का प्रयास किया. इसके साथ ही आरोपियों ने लड़की के माता और पिता के साथ भी मारपीट की. इस पूरे मामले में युवती द्वारा कोतवाली में युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला भी दर्ज कराया गया है. युवती ने बताया कि उसके पड़ोस में ही रहने वाला कालू उर्फ शमीम खान ने मेरा वीडियो बना लिया था. इसके बाद मुझे लगातार दबाव बनाकर मेरे साथ दुष्कर्म करता था. 2 दिन पहले वह मेरे घर में आया और मुझे अपने साथ ले जाने लगा, लेकिन मोहल्ले में भीड़ बढ़ जाने के कारण वह मौके से भाग निकला.

इस पूरे मामले में कोतवाली पुलिस ने कालू उर्फ शमीम खान पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है. इसके साथ ही पिता और भाई के साथ मारपीट करने वाले अन्य चार लोगों पर भी अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है. दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद आरोपी के घर के बाहर नोटिस चस्पा कर देर शाम बुलडोजर चलाकर उसके दो मंजिला मकान को जमींदोज कर दिया गया.

पुलिस ने दिया मैसेज, आरोपियों को होगा यह हश्र

एसडीएम अनिल बनवारिया ने बताया की ‘2 दिन पहले आरोपी कालू द्वारा घृणित अपराध किया गया था, जो काफी निंदनीय था. आरोपियों ने मोहल्ले में दहशत फैलाने के उद्देश्य से लाठी और तलवार लेकर उत्पाद भी मचाया. इसलिए तहसीलदार से उसके मकान की जांच कराई गई, जिसमें मकान मंदिर दरगाह की जमीन पर बना पाया गया. इसके बाद उसके 20 बाई 30 के दो मंजिला मकान पर बुलडोजर चलाकर मकान जमीदोज करने की कार्रवाई की गई है. इस माध्यम से हमारे द्वारा यह मैसेज भी दिया गया है, कि अगर कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत करेगा तो उसका यही हश्र होगा.

Leave a Comment

error: Content is protected !!