विधायक धौहनी ने किया श्रमदान तथा अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की
सीधी जिले भर में जल गंगा संवर्धन अभियान 5 जून से 16 जून तक चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्र में मनरेगा योजना से तालाब, बावड़ी, स्टाप डैम जैसे जल स्त्रोतों की साफ-सफाई और जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है। तालाबों के गहरीकरण और इनकी पाल को मजबूत करने का भी कार्य किया जा रहा है। जल संरक्षण और संवर्धन के लिए चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान में जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में आमजनता का भी बढ़चढ़ कर सहयोग मिल रहा है। तालाब से आवांछित वनस्पतियां निकालकर उसके पाल को मिट्टी डालकर मजबूत किया जा रहा है। विशेष ग्राम सभा का आयोजन कर आमजनता को जल संवर्धन की शपथ दिलाई जा रही है। इसी तरह के कार्य जिले की सभी ग्राम पंचायतों में किए जा रहे हैं। इन कार्यों से प्राचीन जल स्त्रोतों की साफ-सफाई और जीर्णोद्धार होने के साथ-साथ जल संग्रहण के नए निर्माण कार्य भी संपन्न हो रहे हैं।

इसी क्रम में बुधवार को जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विधायक धौहनी श्री कुंवर सिंह टेकाम के नेतृत्व में जनपद पंचायत मझौली के ग्राम चमराडोल में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें उपखण्ड अधिकारी मझौली आर पी त्रिपाठी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एसएन द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधिगण, स्वयं सेवी संगठनो तथा ग्रामीणजनों द्वारा सहभागिता की गई। विधायक श्री टेकाम ने कहा कि यह जीवन बचाने का अभियान है। जल के बिना जीवन की परिकल्पना भी नहीं की जा सकती है। जल जीवन की आधारभूत आवश्यकता है। जल मनुष्यों ही नहीं बल्कि पेड़ पौधों, पशु पक्षियों सभी के लिए आवश्यक है। विधायक ने कहा कि प्यासे को पानी पिलाने से बड़ा पुण्य का काम दूसरा कोई नहीं है। धरती माता ने बरसों तक हमारी प्यास बुझाई है अब समय आ गया है कि हम धरती माता की प्यास बुझाने के लिए प्रयास करें। इस अभियान की सफलता के लिए उन्होंने इसे जन आंदोलन बनाने की अपील की है।
इसी प्रकार गुरुवार को जनपद पंचायत सीधी के ग्राम पंचायत जमुनिहा कला में जनपद अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह परिहार की अगुवाई में श्रमदान, जल शपथ एवं कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, स्वयं सेवी संगठनों, जनपद तथा जन अभियान परिषद के अधिकारियों तथा ग्रामीण जनों ने उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।








