Sidhi24news:विश्व सिकल सेल दिवस पर सिकल सेल एनीमिया हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
स्वास्थ्य शिविर में सिकल सेल एनीमिया हेतु स्वास्थ्य परीक्षण किया गया
राज्यस्तरीय कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण
सीधी-विश्व सिकल सेल दिवस पर सिकल सेल एनीमिया हेतु जागरूकता कार्यक्रम जिले भर में आयोजित किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह के मुख्य आतिथ्य तथा कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी की अध्यक्षता में अटल आडोटोरियम सीधी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डिंडोरी से उपराष्ट्रपति महोदय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लोगों में सिकल सेल एनीमिया की जांच की गई तथा मेडिकल बोर्ड द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा लोगों को सिकल सेल एनीमिया के विषय में आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए जागरूक किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आई जे गुप्ता ने बताया कि सिकल सेल एनीमिया वंशानुगत रक्त विकार के रोग का एक रूप है इसमें लाल रक्त कोशिकाओं का आकार बदल जाता है जो रक्त प्रवाह को अवरुद्ध करती हैं। शुरुआती पहचान और नए उपचारों की बदौलत सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित लगभग आधे लोगों का जीवन बचाया जाना संभव हो पाया है। यह बीमारी पीड़ित लोगों को उनके जैविक माता-पिता से विरासत में मिलती है। इसमें सामान्य लाल रक्त कोशिकाओं को बनाने में मदद करने वाला जीन बदल जाता है। जिन लोगों को दोनों जैविक माता-पिता से यह जीन विरासत में मिलता है उनमें सिकल सेल एनीमिया होता है जिन लोगों को एक जैविक माता-पिता से यह जीन विरासत में मिलता है उनमें सिकल सेल विशेषता होती है। डॉ गुप्ता ने यह भी बताया कि लोगो में सिकल सेल रोग या सिकल एनीमिया के बिना भी सिकल सेल विशेषता हो सकती है, रक्त परीक्षण करवा कर ही सिकल सेल एनीमिया का पता लगाया जा सकता है।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर राजेश शाही, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई जे गुप्ता, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग डॉ डीके द्विवेदी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी तथा नागरिक गण उपस्थित रहे।
विश्व सिकल सेल रोग जागरूकता दिवस पर रैली के माध्यम से दिया गया संदेश
जिले के विकासखण्ड सिहावल अन्तर्गत विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत बमुरी में उजाला संकुल स्तरीय संगठन अन्तर्गत जागृति ग्राम संगठन द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से शपथ, रैली एवं जांच शिविर का आयोजन कर समूह सदस्यों को एवं उनके परिजनों को सिकल सेल की जांच कराने हेतु प्रेरित किया गया। जनजातीय मंत्रालय भारत सरकार द्वारा सिकल सेल रोग के उन्मूलन हेतु प्रभावित जनजातीय क्षेत्रों में 0 से 40 वर्ष के आयु वर्ग के लगभग 7 करोड़ लोगों को पूरे देश में जांच और सहयोगात्मक प्रयास किये जाने हेतु एक जन आंदोलन बनाये जाने का प्रयास इस अभियान के तहत किया जा रहा है। उक्त अभियान में म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से संबद्ध पार्वती संकुल स्तरीय संगठन अमलिया, महाशक्ति संकुल स्तरीय संगठन बहरी, रानीकुमारी संकुल स्तरीय संगठन लौआ एवं नवसृजन संकुल स्तरीय संगठन कुचवाही अन्तर्गत गठित ग्राम संगठन एवं उनसे जुडे स्व सहायता समूहों साथ ही साथ लोक अधिकार केन्द्र द्वारा उक्त कार्यक्रम में विविध आयोजन कर सक्रिय भागीदारी निभाई जा रही है। इसमें स्वास्थ्य विभाग के आनकेश सोनी बीसीएम विकासखण्ड सिहावल, आशीष मिश्रा बीसीओएफ, अमृतलाल प्रजापति बीसीएफआई इन सबका विशेष सहयोग रहा।
मझौली में सिकल सेल जागरूकता रैली का हुआ आयोजन
जिला प्रशासन के निर्देशन में जनपद पंचायत मझौली में आजीविका मिशन के स्व सहायता समूह सदस्यों द्वारा सिकल सेल जागरूकता अभियान का शुभारंभ रैली के माध्यम से किया गया। रैली को विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ सागर एवं आजीविका मिशन प्रबंधक चंद्रकांत सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जिला प्रबंधक शैलेंद्र द्विवेदी, संजीव के साथ-साथ स्व सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थे। सभी को सिकल सेल मुक्त बनाने के लिए शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के माध्यम से सभी की सिकल सेल जागरूकता लाने के लिए समझाइए दी गई। कार्यक्रम में 200 महिलाओं ने सहभागिता निभाई एवं गांव जाकर इसका प्रचार-प्रसार करने की बातें कहीं।








