Sidhi24news:विधायक के करीबी ठेकेदार का कारनामा,निर्माण के साथ ही धराशायी हुई एक करोड़ से अधिक की लागत से बनी पुलिया व सड़क
सीधी-एक तरफ ग्रामीणों की सुविधा के लिए आवागमन के नाम पर सड़क एवं पुलिया निर्माण के लिए करोड़ों रुपए का बजट स्वीकृत कराया जाता है वहीं दूसरी तरफ निर्माण कार्य की जिम्मेदारी क्षेत्रीय विधायक के करीबी ठेकेदार को दी जाती है जिनके द्वारा गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य कराया जाता है जिसकी वजह से निर्माण कार्य के दो माह के अंदर ही करोड़ों रुपए के लागत से बनी पुलिया धराशाई हो जाती है। जिससे क्षेत्रीय विधायक की छवि भी सवालों के घेरे में फंसती नजर आ रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग सीधी के द्वारा मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र संचालक संजय टाइगर रिजर्व सीधी को निर्माण कार्य के संबंध में 10 अक्टूबर 2023 को पत्र जारी किया था जिसके अनुसार बड़काडोल से दुबरी मार्ग विकासखंड कुसमी के लिए 1 करोड़ 3 लाख 78 हजार रु. निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत किए गए हैं।
जिसका प्रोजेक्ट कॉस्ट 5 लाख 18 हजार 900 रु विभाग में जमा करना था। ऐसे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि पुलिया की लागत भी लगभग 50 लाख रुपए से अधिक ही होगी। उक्त सड़क में चिनगवाह से डेवा के बीच कोडमार नदी में जून 2024 में पुलिया का निर्माण के लिए ग्रामीण यांत्रिकी विभाग को निर्माण एजेंसी बनाया गया था जिनके द्वारा राजनीतिक दबाव में क्षेत्रीय विधायक के करीबी एवं स्वघोषित भाजपा नेता के नाम वर्क आर्डर जारी किया गया और उनके द्वारा घटिया निर्माण कार्य कराया गया है जिसमें लगभग 50 लाख से अधिक रुपए के स्टीमेट के तहत पुलिया निर्माण कराया गया था लेकिन निर्माण कार्य के दो माह बाद ही पुलिया का धरासाई हो जाना अपने आप साबित करता है कि नेतागिरी के दबाव में मनमानी पूर्वक एवं गुणवत्ताहीन कार्य किया गया है जिस कारण ये नतीजा सामने आया है। ऐसे में यही कहा जा सकता है कि जिन ग्रामीणों के सुविधा के लिए एक करोड़ से ज्यादा की राशि स्वीकृत की गई उनके हितों में कुठाराघात विधायक के ठेकेदार के द्वारा किया गया है जो निर्माण कार्य कराकर खुद तो मालामाल हो गया लेकिन ग्रामीणों का आवागमन पूर्व की भांति बना हुआ है। इस पूरे मामले में विधायक एवं क्षेत्रीय अधिकारियों का मौन उन्हें सवालिया निशान के घेरे में खड़ा करता है।









