Sidhi24news:डेम्हा गाँव में दर्जन भर लोग हैजा से बीमार,जिला अस्पताल में हुआ ईलाज
सीधी-मौसम के उतार चढ़ाव के कारण खान पान में लापरवाही से लोग उल्टी दस्त के चपेट में आ रहे हैं। जिला मुख्यालय के समीपी ग्राम डेम्हा में कोल परिवार के एक दर्जन से अधिक लोग हैजा के चपेट में आ गए। इनमें से आठ लोगों की हालत खराब होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उपचार के बाद स्वास्थ में सुधार बताया गया है। तीन लोगों को छुट्टी भी दे दी गई है।
डेम्हा गांव की आदिवासी बस्ती में हैजा फैलने की सूचना पर महामारी नियंत्रण दल शुक्रवार की दोपहर गांव में पहुंचा और पीड़ित परिवारों से उनके खान पान के संबंध में जानकारी ली।
इसके साथ ही बस्ती के सभी लोगों का स्वास्थ परीक्षण किया गया। जो लोग सामान्य उल्टी दस्त से ग्रसित पाए गए उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इन्हें कराया गया भर्ती
हैजा से प्रभावित डेम्हा गांव के जिन आठ लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनमें संगीता पति राजबहोर रावत (25), मुन्नी पति दादू भाई रावत (50), सुमित्री पति ललऊ रावत (48), अर्जुन पिता अशोक रावत (15), सीमा पिता अशोक रावत (12), सानू पिता सूरज रावत (15), गोरे पिता राजेंद्र कोल (6) तथा शशी पिता सूरज रावत (6) शामिल हैं।
पानी का लिया गया सेंपल 
महामारी नियंत्रक डॉ. माधव पांडेय ने बताया डेम्हा के आदिवासी बस्ती में हैजा फैलने की शिकायत पर हमारी टीम गांव में गई थी, वहां के प्रभावित आठ लोगों को पहले ही जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। बस्ती में सभी का स्वास्थ परीक्षण किया गया है, कुछ लोग सामान्य उल्टी दस्त से ग्रसित मिले हैं। हैं, जिन्हें आवश्यक दवाएं व ओआरएस का घोल दिया गया है। जिस ट्यूबल के पानी का लोग पीने के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे, उसका सेंपल लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर स्पष्ट हो पाएगा की पानी की खराबी के कारण तो इस तरह की समस्या उत्पन्न नहीं हुई।
खान पान में लापरवाही से हुई समस्या
गांव में जाकर स्थिति का जायजा लिया गया है। उनके पीने का पानी सामान्य रूप से अशुद्ध नहीं दिखा है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि बासी खाना खाने के कारण उन्हें उल्टी दस्त होनो शुरू हुआ और वह हैजा की चपेट में आ गए।फिलहाल सभी के स्वास्थ में सुधार है, बस्ती के लोगों को खान पान में सावधानी बरतने की समझाइस दी गई है।









