Sidhi24news:अदिवासी छात्रावास में दो छात्रों की मौत,पानी की टंकी में मिली लाश

धार-जिले के जनजातीय सीनियर बालक छात्रावास में दो छात्रों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला प्रकाश में आया है।प्रथम दृश्ट्या मौत का कारण करंट लगना बताया जा रहा है। घटना आज सुबह करीब 7.30 बजे की है। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र सफाई करने हॉस्टल में पानी की टंकी में उतरे थे। इसी दौरान टंकी में लगी मोटर के तार से करंट फेल गया और दोनों उसकी चपेट में आ गए। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट करने की बात कह रही है। मामले में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने छात्रावास अधीक्षक बनसिंह कन्नौज को निलंबित कर दिया है।
हॉस्टल में पानी भरने आए एक ग्रामीण ने ये देखा और बाकी छात्रों और वार्डन को सूचना दी। इसके बाद दोनों छात्रों को अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में विकास पिता संग्रामसिंह (17) और आकाश पिता शैतान निनामा शामिल हैं। दोनों कक्षा 12वीं के छात्र थे।
हॉस्टल के छात्रों ने बताया कि हम सुबह नाश्ता करने जा रहे थे। तभी हॉस्टल में पानी भरने आने वाले लोगों ने बताया कि टंकी में दो बच्चे पड़े हैं। हम वहां पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला। तब उनकी सांसें चल रही थीं। दोनों को हॉस्पिटल लेकर पहुंचे तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
टंकी में बाल्टी और चप्पल मिली
असिस्टेंट कमिश्नर बृजकुमार शुक्ला का कहना है कि अभी ये स्पष्ट नहीं है कि दोनों छात्र टंकी तक कैसे पहुंचे। जांच के बाद ही कारणों का पता चलेगा। टंकी के अंदर पानी की बाल्टी, बर्तन और एक छात्र की चप्पल मिली है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि छात्रों को टंकी के अंदर ही करंट लगा होगा। परिजन छात्रावास प्रबंधन पर लापरवाही को लेकर आरोप लगा रहे हैं।
विधायक ने कहा- जिम्मेदार पर कार्रवाई हो
कांग्रेस विधायक प्रताप ग्रेवाल ने मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि हॉस्टल की जिम्मेदारी जिस भी अधिकारी या कर्मचारी की है, उसे लापरवाही को लेकर बर्खास्त किया जाए। विधायक ने मुख्यमंत्री से पीड़ित परिवारों को 25 लाख रुपए की सहायता राशि देने की मांग की है।









