Sidhi:कलेक्टर की कार्यवाही: जिला अस्पताल सीधी में ठेले पर प्रसव की घटना पर चार को नोटिस
सीधी- जिला चिकित्सालय सीधी के बाहर ठेले में प्रसव और नवजात की मृत्यु की घटना के गंभीर आरोपों पर कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने तुरंत कार्रवाई की है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, जिला टीकाकरण अधिकारी और खंड चिकित्सा अधिकारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बता दे कि बीती 1 नवंबर की रात को कोटहा में यह घटना घटित हुई, जब एक गरीब परिवार की महिला उर्मिला रजक को प्रसव पीड़ा हुई। एंबुलेंस के लिए टोल फ्री नंबर पर फोन करने के बावजूद, जब कोई सहायता नहीं मिली, तो उनके पति ने जिला अस्पताल पहुँच कर किसी साधन से महिला को लाने का प्रयास किया। अस्पताल में चिकित्सकों से एंबुलेंस की मांग करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
अंततः, उर्मिला को घर के सामने खड़ी कचरा ढोने वाले ठेले में बैठाकर अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही नवजात ने दम तोड़ दिया। वहीं, अत्यधिक रक्तस्त्राव के कारण उर्मिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
कलेक्टर ने कहा कि इस घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को उजागर किया है और उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाएं। यह घटना न केवल स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही का प्रतीक है, बल्कि स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठाती है।
आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई का इंतजार है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।









