कमिश्नर रीवा संभाग ने किया मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण
-विशेष अभियान के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के दिए निर्देश
सीधी।
रीवा संभाग के कमिश्नर श्री बीएस जामोद ने अपने सीधी प्रवास के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बढ़ौरा और पनवार मतदान केंद्रों में बीएलओ द्वारा किए गए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
मतदाता सूची में सभी पात्र व्यक्तियों के नाम दर्ज कराने पर जोर
कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि 1 जनवरी 2025 की स्थिति में सभी पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराए जाएं। उन्होंने जिले के विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष अभियान चलाकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने ईपी रेशियो कम होने वाले मतदान केंद्रों पर विशेष प्रयास करने और डोर-टू-डोर सर्वे के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मृत व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से विलोपित करने की कार्यवाही पर भी जोर दिया।
विद्यालयों और आंगनवाड़ियों का निरीक्षण
कमिश्नर ने अपने भ्रमण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों और विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने पूर्व माध्यमिक शाला बढ़ौरा में बच्चों की उपस्थिति और पढ़ाई का स्तर कम पाए जाने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक सुषमा मिश्रा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनकी एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पनवार में 12वीं कक्षा के छात्रों से संवाद करते हुए उन्होंने अच्छे परिणाम लाने के लिए प्रोत्साहित किया और अधिकारियों को विद्यालयों में नियमित निरीक्षण कर उचित मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए।
राजस्व महाअभियान 3.0 की समीक्षा
तहसील गोपद बनास और बहरी के अंतर्गत चल रहे राजस्व महाअभियान 3.0 की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने प्राथमिकता से लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने बंटवारा, सीमांकन, नामांतरण, परंपरागत रास्तों का चिन्हांकन, नक्शा सुधार, आधार-खसरा लिंकेज और अभिलेख दुरुस्ती के मामलों पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
अधिकारियों की उपस्थिति
भ्रमण के दौरान उपखंड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, उपखंड अधिकारी सिहावल एसपी मिश्रा, तहसीलदार गोपद बनास जान्हवी शुक्ला, तहसीलदार बहरी सीपी त्रिवेदी और नायब तहसीलदार निवेदिता त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कमिश्नर ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी जनहित के कार्यों में तेजी लाएं और समय पर निस्तारण सुनिश्चित करें।








