Sidhi24news;सीधी जिले की प्रमुख शासकीय समाचार बिस्तार से…
रेलवे परियोजना के कार्यों में भू अर्जन की सभी बाधाएं दूर करें – उप मुख्यमंत्री
ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन का कार्य तेजी से पूरा कराएं – उप मुख्यमंत्री
मार्च तक बघवार तथा मई तक रामपुर नैकिन पहुंच जाएगी ट्रेन
सीधी कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में पन्ना से सतना, गोविंदगढ़ से सीधी तथा सीधी से सिंगरौली तक रेलवे लाइन निर्माण की बिन्दुवार समीक्षा की गई।
बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि अधोसंरचना विकास से ही क्षेत्र का विकास होगा। विन्ध्य क्षेत्र में विकास के लिए हाईवे एयरपोर्ट की सुविधा हो गई है। ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन का कार्य पूरा होते ही पूरे विन्ध्य के विकास को गति मिलेगी। इसके माध्यम से रोजगार के अवसरों और औद्योगीकरण में तेजी से वृद्धि होगी। ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन निर्माण में भू अर्जन की सभी बाधाएं सात दिवस में दूर करके रेलवे को जमीन उपलब्ध कराएं। जिन स्थानों से गरीब, अनुसूचित जाति, जनजाति परिवारों को विस्थापित किया जा रहा है उन्हें वैकल्पिक आवासीय भूमि देकर मकानों की व्यवस्था कराएं। कलेक्टर पूरी संवेदनशीलता के साथ विस्थापन की कार्यवाही पूरी करें। केवल मुआवजे के लिए रेलवे के लिए चिन्हित भूमि पर परिसम्पत्ति बनाने वालों पर कठोरता से कार्यवाही करें। रेलवे के निर्माण कार्य में अनुचित ढंग से बाधा डालने वालों पर कड़ी कार्यवाही करें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सीधी से सिंगरौली के बीच के निर्माण कार्यों के लिए रेलवे द्वारा वन विभाग में 17 करोड़ रुपए जमा करा दिए गए हैं। वन मण्डलाधिकारी 15 दिन की समय सीमा में रेलवे को विभागीय अनुमति जारी कराएं जिससे टेण्डर की कार्यवाही की जा सके। चुरहट के पास सोन नदी पर पुल तथा बहरी के पास गोपद नदी पर पुल एवं 17 प्रस्तावित सुरंगों का निर्माण कार्य तेजी से कराएं। कलेक्टर सीधी भू अर्जन तथा मुआवजा वितरण के सभी प्रकरण सात दिवस में निराकृत कर दें। रेलवे के अधिकारी जमीन का अधिग्रहण मिलते ही तेजी से निर्माण कार्य शुरू कराएं। गोविंदगढ़ से रामपुर नैकिन तक की रेलवे लाइन का गर्मियों में उद्घाटन किया जाएगा। रीवा से सतना रेलवे लाइन के दोहरीकरण के शेष कार्य की बाधाएं कलेक्टर सतना दूर करें। भू अर्जन से प्रभावितों को शीघ्र मुआवजा वितरित करके निर्माण की बाधाएं दूर कराकर कार्य शुरू कराएं।
बैठक में सांसद सीधी डॉ राजेश मिश्रा ने कहा कि सीधी जिले में रेलवे द्वारा तेजी से कार्य किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी पूरा सहयोग कर रहे हैं। रेलवे लाइन का काम पूरा होते ही सीधी जिले का वर्षों का सपना पूरा हो जाएगा। सांसद रीवा श्री जनार्दन मिश्रा ने परियोजना का कार्य तेजी से कराने का सुझाव दिया। बैठक में कलेक्टर सीधी स्वरोचिष सोमवंशी ने बताया कि मुआवजा वितरण का कार्य सात दिवस में पूरा कर लिया जाएगा। किसी भी स्थान में निर्माण कार्य में बाधा नहीं आएगी। कलेक्टर रीवा श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि रीवा जिले में भू अर्जन के सभी प्रकरण निराकृत कर दिए गए हैं। कलेक्टर सतना अनुराग वर्मा ने बताया कि सतना-रीवा दोहरीकरण के लिए शासन के निर्देशों के अनुसार एक माह में मुआवजा वितरित कर दिया जाएगा। सतना से फुलवारी गांव तक कोई बाधा नहीं है।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एमएस हाशमी ने बताया कि मार्च तक सीधी जिले के बघवार स्टेशन तक तथा मई तक रामपुर नैकिन स्टेशन तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। सिंगरौली जिले में बारिश के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। बैठक में अध्यक्ष नगर निगम रीवा व्यंकटेश पाण्डेय, कमिश्नर रीवा बीएस जामोद, डीआईजी साकेत प्रकाश पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक रीवा विवेक सिंह तथा रेलवे के अधिकारी जीएस मीणा, सुनील प्रजापति, आरके स्वाई, इन्द्रजीत वर्मा, मानसिंह मीणा उपस्थित रहे। कलेक्टर सिंगरौली चन्द्रशेखर शुक्ला और अन्य अधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग से बैठक में शामिल हुए। —————–
जनकल्याण शिविर के सभी आवेदनों का तत्परता से निराकरण करें – मुख्यमंत्री
मकर संक्रांति में घाटों में साफ-सफाई और सुरक्षा के प्रबंध करें – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग जनकल्याण अभियान के संबंध में दिए निर्देश
सीधी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को जनकल्याण अभियान के संबंध में निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान अब तक मिले 25 लाख 70 हजार आवेदनों में से 22 लाख 60 हजार आवेदनों का निराकरण कर दिया गया है। सभी कलेक्टर जनकल्याण शिविर में प्राप्त आवेदनों का तत्परता से निराकरण कराएं। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के संबंध में प्राप्त आवेदन जनकल्याण के पोर्टल के साथ-साथ विभागीय पोर्टल पर भी दर्ज कराएं। आगामी 12 जनवरी को शाजापुर से लाड़ली बहना योजना की राशि जारी की जाएगी। इसके साथ महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मकर संक्रांति में प्रदेश की सभी प्रमुख नदियों में लाखों लोग स्नान करते हैं। नदी घाटों में साफ-सफाई और सुरक्षा के उचित प्रबंध करें। इसी तरह 12 जनवरी को सभी जिलों में सभी शिक्षण संस्थाओं में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन कराएं। इसी दिन युवाशक्ति मिशन का भी शुभारंभ हो रहा है। प्रदेश के साथ-साथ जिला स्तर पर भी इससे जुड़े कार्यक्रम आयोजित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप है। वृद्धाश्रम, रैनबसेरा तथा सार्वजनिक स्थलों में अलाव सहित ठण्ड से बचाव के उचित उपाय करें। कृषि विभाग किसानों को खेती की देखभाल तथा पाले से बचाव के संबंध में जागरूक करे। राजस्व महाभियान में पूरे प्रदेश में बहुत अच्छा कार्य हो रहा है। अभियान के दौरान गांव में रास्ते के विवाद जैसे छोटे-छोटे मसले सुलझाएं। इस वर्ष किसानों को गत वर्ष की तुलना में खाद की आपूर्ति की गई है। प्रदेश में खाद की कमी नहीं है। इसका समुचित वितरण सुनिश्चित करें। प्राकृतिक आपदा से पीड़ितों के प्रकरण तत्काल स्वीकृत करके राहत राशि का समय पर वितरण कराएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आगामी परीक्षाओं को लेकर विद्यार्थियों की ठीक ढंग से तैयारी कराएं। जहाँ आवश्यक हो वहाँ ठण्ड के कारण स्कूल के समय में परिवर्तन करें। कलेक्टर तथा अन्य अधिकारी छात्रावासों का नियमित रूप से निरीक्षण करके आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। नर्मदा नदी की परिक्रमा करने वाले व्यक्तियों के लिए परिक्रमा मार्ग में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। आगामी बसंत पंचमी को सामूहिक विवाह समारोह आयोजित करें। इनमें कल्याणी बहनों तथा परित्यक्ता बहनों के भी विवाह कराएं। धान उपार्जन के संबंध में निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में 13 जनवरी तक वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। उपार्जित धान का तत्काल परिवहन कराकर सुरक्षित भण्डारण कराएं। किसानों को तीन दिन की समय सीमा में भुगतान दें।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में अब तक 5 लाख 67 हजार किसानों से 36.89 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। किसानों को 5287 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया गया है। इस वर्ष उपार्जन के लिए गेंहू के समर्थन मूल्य में 150 रुपए की वृद्धि की गई है। किसानों से 2425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेंहू का उपार्जन किया जाएगा। बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक, अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती मंजू सिंह, कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास श्री नीलेश शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
—————–
आम रास्ते पर बने अवैध निर्माण पर नगर पालिका द्वारा की गई कार्यवाही
सीधी नगरपालिका सीधी के वार्ड क्रमांक 08 में आम रास्ते पर बने अवैध निर्माण पर नगर पालिका द्वारा शुक्रवार को बड़ी कार्यवाही की गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी मिनी अग्रवाल की अगुवाई में अतिक्रमण दस्ता द्वारा बड़ी कार्यवाही करते हुए वार्ड क्रमांक 08 में आम रास्ते में निर्मित अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन द्वारा हटाया गया। अवैध निर्माण से वहां रहने वाले रहवासियों को आने जाने में समस्या हो रही थी जिस कारण नगर पालिका की अतिक्रमण दस्ता द्वारा कार्यवाही करते हुए मार्ग से अवैध निर्माण हटाया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा बताया गया कि अवैध निर्माण के खिलाफ इस तरह की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
—————–
युवा दिवस पर होगा सामूहिक सूर्यनमस्कार का आयोजन
सीधी /युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी 2025 को सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया जावेगा। जिलास्तरीय कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर मा.वि. क्रमांक 1 सीधी के मैदान में सम्पन्न कराया जायेगा। इस कार्यक्रम में प्रातः 8.30 से 9 बजे के मध्य छात्रों एवं अन्य अतिथियों का एकत्रीकरण होगा जिसमें छात्रों एवं अन्य अतिथियों को अपने निर्धारित स्थलों पर बैठने की व्यवस्था की जायेगी। इसके पश्चात अतिथिगणों द्वारा दीप प्रज्वलन किया जायेगा। साथ ही माॅ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्रों पर माल्यार्पण अतिथियों द्वारा किया जायेगा। तद्पश्चात 9.25 से 9.30 तक अतिथिगणों का उद्बोधन पश्चात 9.30 मिनट से 10.15 मिनट के मध्य राष्ट्रगीत वन्दे मातरम का गायन स्वामी विवेकानंद जी की वाणी, मुख्यमंत्री जी का संदेश, सामूहिक सूर्य नमस्कार तथा 10.15 से 10.30 बजे तक आभार एवं कार्यक्रम समापन किया जायेगा।
—————–
नेशनल एनिमल डीजीज कंट्रोल प्रोग्राम के अंतर्गत एफएमडी टीकाकरण कार्यक्रम 15 फरवरी तक जारी रहेगा
सीधी /उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने जानकारी देकर बताया है कि संचालनालय पशुपालन एवं डेयरी विभाग भोपाल के पत्र दिनांक 19.12.2024 के अनुसार जिले में नेशनल एनिमल डीजीज कंट्रोल प्रोग्राम के अंतर्गत एफएमडी (मुंह पका एवं खुर पका रोग) टीकाकरण कार्यक्रम 01.01.2025 से 15.02.2025 तक पूर्ण किया जाना है। एफएमडी टीकाकरण कार्यक्रम निःशुल्क भैसवंशीय पशुओं में किया जाना है। टीकाकरण कार्य के सम्पादन के लिए जिले में पदस्थ सभी पशु चिकित्सकों एवं सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों के द्वारा किया जावेगा। जिले के समस्त पशुपालक पशु पालन विभाग की नजदीकी संस्थाओं से टीकाकरण कराने में सहयोग प्रदान करें।
—————–
‘‘कॉलेज चलो अभियान‘‘ के प्रथम चरण का शुभारंभ
महाविद्यालय मझौली के प्राध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों को दी गई जानकारी
सीधी मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुपालन एवं शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय मझौली की प्राचार्य डॉ गीता भारती के निर्देशन में ‘‘कॉलेज चलो अभियान‘‘ का शुभारंभ किया गया। अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापकों एवं अतिथि विद्वानों द्वारा शासकीय सीएम राइस शासकीय उच्चतर माध्यमिक पथरौला, शास उच्च माध्यमिक विद्यालय खड़ौरा, शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय मझौली एवं सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मझौली के विद्यार्थियों को 2025-26 की प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी दी गई। डॉ सुरेश कुमार तिवारी द्वारा केंद्रीय राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार विषय चयन, बहुआगमन एवं निगमन तथा क्रेडिट सिस्टम के बारे में जानकारी दी गई। डॉ संदीप कुमार शर्मा द्वारा स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, भारतीय ज्ञान परंपरा, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राज्य तथा केंद्र सरकार द्वारा विद्यार्थियों के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। डॉ भावना नागेंद्र द्वारा महाविद्यालय में उपलब्ध संसाधनों जैसे स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशालाएं, खेल का मैदान एवं पुस्तकालय से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। डॉ वहीदुनिशा द्वारा विद्यार्थियों को मेजर, माइनर, ओपन इलेक्टिव,वोकेशनल एवं फील्ड प्रोजेक्ट के साथ-साथ एकेडमिक बैंक का क्रेडिट आदि के बारे में रूबरू कराया गया। इस अभियान में पथरौला के प्रभारी प्राचार्य शैलेंद्र सिंह के साथ साथ अन्य विद्यालयों के प्राचार्य विजय सिंह, बृजेश मिश्रा, राजेन्द्र तिवारी एवं अन्य शिक्षकों सराहनीय योगदान दिया ।
——————–
सिहौलिया, बहरी एवं पडरिया में मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान शिविर आयोजित
योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाएं- विश्वामित्र पाठक
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से छूटे हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं से लाभान्वित करने की मंशा से प्रदेश के संवेदनशील यशस्वी मुख्यमंत्री डा .मोहन यादव के द्वारा “मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान” प्रारंभ किया गया है। अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं के हर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित कराना है, यह तभी संभव होगा जब योजनाओं का पारदर्शिता एवं तत्परता से प्रभावी एवं संतुष्टिपरक क्रियान्वयन हो। उक्त आशय के विचार श्री विश्वामित्र पाठक विधायक सिहावल ने जनपद पंचायत सिहावल के ग्राम पंचायत सिहौलिया, बहरी एवं पडरिया में आयोजित मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर व्यक्त किए।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम मां सरस्वती जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं कन्यापूजन कर विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान में शामिल योजनाओं एवं प्रदाय की जाने वाली सेवाओं से अवगत कराया।
मुख्य अतिथि विधायक श्री विश्वामित्र पाठक ने उपस्थित जनसमुदाय को नव वर्ष की बधाई देते हुए अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के उद्देश्य की जानकारी देते हुए अभियान में सम्मिलित 45 जनकल्याणकारी योजनाओं एवं प्रदाय की जाने वाली 63 सेवाओं के बारे में विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि आप लोग योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार आवेदन करें आपके आवेदन पर त्वरित, प्रभावी तथा संतुष्टिपूर्ण निराकरण होगा। शिविर में निराकरण योग्य आवेदनों का निराकरण यहीं पर कराकर आपको हितलाभ दिया जाएगा। शेष आवेदनों का निराकरण 26 जनवरी 2025 के पूर्व कराकर आपको योजना से लाभान्वित एवं सूचित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, लाडली लक्ष्मी योजना के प्रमाणपत्र वितरित किए गए तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बहरी में छात्र छात्राओं को सायकल वितरण किया गया।
कार्यक्रम में श्री संपूरण सिंह जनपद सदस्य, श्रीमती सावित्री जायसवाल सरपंच सिंहौलिया, श्री अनुज शाहू सरपंच बहरी, श्री श्याम लाल कोल सरपंच पडरिया, श्री एस. पी. मिश्रा एसडीएम सिहावल, श्री पुष्पेंद्र पांडेय, श्री सी पी त्रिपाठी तहसीलदार, श्री रवि प्रकाश मिश्रा प्रभारी सीईओ, श्री राकेश सिंह बैस टी आई बहरी, श्रीमती अनुसुइया वाजपेई सीडीपीओ, श्री विनायक गौतम रेंज ऑफिसर, श्री अखिलेश त्रिपाठी एनआरएलएम, श्री अशोक शुक्ला, श्री पुनीत पांडेय, श्री कपूरचंद शाहू, श्री अरुण द्विवेदी, श्री श्याम लाल यादव, श्री राजबहोर द्विवेदी, श्री गोपाल द्विवेदी, रितेश गुप्ता, दिलीप सोनी, श्री राजेंद्र पांडेय, श्री रामसिया द्विवेदी, श्री रामजी पाठक, श्री अखिलेश द्विवेदी, श्री दादूलाल द्विवेदी, श्री सुभाकर द्विवेदी, श्री दिवाकर द्विवेदी, श्री प्रकाश जायसवाल, श्री योगेंद्रनाथ पाठक, श्री वंशरूप यादव, श्री नीरज सिंह, श्री पवन सिंह सहित विकासखंड स्तरीय अधिकारी कर्मचारी हितग्राही बंधु, गणमान्यजन उपस्थित रहे।
————————
छत्तीसगढ़ के सुकमा कोटा क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद होने वाले सीधी जिले के सिहावल तहसील निवासी केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान श्री रामसिया मिश्रा जी के निकटतम वैध वारिसों को व्यक्तिगत आर्थिक नियमों को शिथिल करते हुए मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से ₹10 लाख की सहायता राशि स्वीकृत की है। मा. सिहावल विधायक श्री विश्वामित्र पाठक द्वारा 2005 का यह मामला हालही में संज्ञान में लाया गया था।
कर्तव्यनिष्ठा के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले शहीद को सादर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मेरी सरकार शहीद के परिवारजनों के साथ है।








