Re. No. MP-47–0010301

MP:कलेक्टर पर रेत माफिया का हमला, फायरिंग के बाद भागे बदमाश

MP:कलेक्टर पर रेत माफिया का हमला, फायरिंग के बाद भागे बदमाश

भिंड, 1 फरवरी 2025
भिंड जिले के उमरी इलाके में रेत माफिया ने गुरुवार देर रात कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव पर हमला कर दिया। कलेक्टर अवैध रेत खनन रोकने के लिए निरीक्षण पर गए थे। बदमाशों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाने के लिए उनकी गाड़ी पर पथराव कर दिया। हालांकि, कलेक्टर के सुरक्षाकर्मियों ने फायरिंग कर बदमाशों को खदेड़ दिया।

घटना का विवरण

कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव गुरुवार रात ककारा रेत खदान का निरीक्षण करने निजी वाहन से निकले थे। उनके साथ न तो राजस्व अमला था और न ही स्थानीय थाने का स्टाफ। खदान पर उन्होंने एक खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर ड्राइवर से पूछताछ की। इसी दौरान रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां पहुंची। कलेक्टर ने उसे भी रोका, लेकिन ड्राइवर ट्रॉली छोड़कर भाग गया।

कलेक्टर ने खाली ट्रॉली के ड्राइवर को कहा कि वह भरी हुई ट्रॉली को उमरी थाने ले जाए। कलेक्टर खुद अपनी गाड़ी से ट्रॉली के पीछे चलने लगे।

माफिया का पथराव और फायरिंग

रास्ते में दो वाहनों से रेत माफिया के लोग पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया। कलेक्टर की गाड़ी भी वहीं रुक गई। माफिया ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख कलेक्टर के सुरक्षाकर्मियों ने चार-पांच राउंड फायरिंग की। फायरिंग के बाद माफिया मौके से अपनी गाड़ियां छोड़कर भाग निकले।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा माफिया के वाहनों को उमरी थाने ले गई। थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने कहा कि हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कलेक्टर का बयान

कलेक्टर श्रीवास्तव ने कहा कि रेत माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!