Re. No. MP-47–0010301

राजस्व निरीक्षक निलंबित: सीमांकन में लापरवाही पर कलेक्टर की सख्त कार्रवाई

राजस्व निरीक्षक निलंबित: सीमांकन में लापरवाही पर कलेक्टर की सख्त कार्रवाई

सिंगरौली, 

जिले में राजस्व कार्यों में लापरवाही को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। ग्राम करहिया, तहसील सिंगरौली के निवासी मिथिला प्रसाद शर्मा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला ने राजस्व निरीक्षक राजपति सिंह को निलंबित कर दिया है।

क्या है मामला?

शिकायतकर्ता मिथिला प्रसाद शर्मा ने अपनी जमीन के सीमांकन के लिए आवेदन दिया था, लेकिन राजस्व निरीक्षक राजपति सिंह ने खड़ी फसल का बहाना बनाकर लगातार सीमांकन टालते रहे। इतना ही नहीं, उन्होंने अलग-अलग समय पर परस्पर विरोधाभासी रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिससे जमीन को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।

जांच में लापरवाही उजागर

शिकायतकर्ता द्वारा प्रस्तुत रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि राजस्व निरीक्षक ने कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरती है। इस आधार पर उन्हें मध्य प्रदेश सिविल आचरण नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

निलंबन की अवधि में नई पदस्थापना

निलंबन के दौरान राजपति सिंह को उपखंड अधिकारी, माडा मुख्यालय से अटैच किया गया है।

प्रशासन का सख्त संदेश

कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला ने कहा कि राजस्व मामलों में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शिकायतकर्ता को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही उनकी जमीन का सीमांकन कराकर विवाद का समाधान किया जाएगा।

यह कार्रवाई अन्य राजस्व अधिकारियों के लिए एक सख्त चेतावनी है कि यदि वे अपने कार्यों में अनियमितता बरतेंगे तो उनके खिलाफ कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!