Re. No. MP-47–0010301

सीधी के जूरी गांव में जंगली भालू का आतंक, ग्रामीणों में दहशत

सीधी के जूरी गांव में जंगली भालू का आतंक, ग्रामीणों में दहशत

सीधी। जिले के कुसमी जनपद पंचायत क्षेत्र के जूरी गांव में बुधवार सुबह एक जंगली भालू के देखे जाने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह भालू पिछले दो दिनों से गांव और आसपास के क्षेत्रों में घूम रहा था, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ था।

भालू ने खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाया, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। स्थानीय निवासी राजभर सिंह ने बताया कि भालू को भगाने के कई प्रयास किए गए, लेकिन वह बार-बार वापस लौट आता था।

ग्रामीणों ने खुद खदेड़ा भालू, वन विभाग पर लापरवाही का आरोप

बुधवार को ग्रामीणों ने एकजुट होकर भालू को गांव से बाहर खदेड़ने में सफलता पाई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों को खुद ही इस खतरे से निपटना पड़ा। हालांकि, अब वन विभाग की टीम भालू की गतिविधियों पर नजर रख रही है और उसे सुरक्षित तरीके से जंगल में भेजने की योजना बना रही है।

ग्रामीणों की मांग – जल्द हो भालू का सुरक्षित स्थानांतरण

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि भालू को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। वन्यजीवों के बस्तियों में घुसने की बढ़ती घटनाओं ने प्रशासन के सामने एक नई चुनौती खड़ी कर दी है।

(कुशमी से विशेष संवाददाता अमित श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!