जबलपुर में भीषण सड़क हादसा: प्रयागराज महाकुंभ से लौट रहे 6 श्रद्धालुओं की मौत, 2 घायल

जबलपुर, 24 फरवरी 2025
सोमवार तड़के सुबह 4 बजे जबलपुर के खितौला स्थित पहरेवा बायपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक बेकाबू तूफान जीप पेड़ को तोड़ते हुए रॉन्ग साइड चली गई और सामने से आ रही बस से टकरा गई। इस हादसे में जीप सवार 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रयागराज महाकुंभ से लौट रहे थे श्रद्धालु

मृतक और घायल कर्नाटक के निवासी हैं, जो प्रयागराज महाकुंभ में स्नान कर लौट रहे थे। ये सभी लोग किराए की टैक्सी से शुक्रवार रात कर्नाटक के बेलगाम से रवाना हुए थे और रविवार को महाकुंभ स्नान के बाद लौट रहे थे।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर दीपक सक्सेना, एसपी सम्पत उपाध्याय, और एएसपी सूर्यकांत शर्मा मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने घायलों को तत्काल सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। कलेक्टर ने सिहोरा एसडीएम को निर्देश दिया कि घायलों को बेहतर इलाज मिले।
भाषा बनी पुलिस के लिए चुनौती
घायलों से बातचीत में भाषा की समस्या सामने आई। घायल सदाशिव (59) ने पुलिस को बताया कि वह सबसे पीछे बैठा था, जब एक तेज धमाका हुआ और उसके बाद कुछ भी याद नहीं रहा।
मृतकों की सूची:
- वीरुपक्शी गुमती, निवासी बेलगाम, कर्नाटक
- बासविराज कुरती, निवासी गंगोंक
- बालचंद्रा
- राजू
- सुनील
- वीरना
घायलों की सूची:
- सदाशिव कुमार (59), निवासी गंगटोक, कर्नाटक
- मुस्तफा
शवों को कर्नाटक भेजने की तैयारी
जबलपुर जिला प्रशासन ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद कर्नाटक भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, घायलों के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को टाला जा सके।









