सीधी: रास्ते के विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव

सीधी, मध्य प्रदेश: जिले के हड़वडो गांव में रविवार दोपहर रास्ते के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दबंगों ने 60 वर्षीय बुजुर्ग परमेश्वर प्रसाद साकेत को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है, जिसके मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
कैसे हुआ विवाद?
मृतक के बेटे नंदलाल साकेत ने बताया कि राम मिलन साकेत, लछिमन साकेत और बाबूलाल साकेत से रास्ते को लेकर पिछले तीन-चार साल से विवाद चल रहा था। मामला कोर्ट तक पहुंचा और मृतक का पक्ष जीत गया। लेकिन इसके बावजूद विपक्षी पक्ष ने रास्ते पर अवैध निर्माण शुरू कर दिया। तहसीलदार के आदेश पर निर्माण गिराया गया, जिससे आरोपी बौखला गए।
बुजुर्ग को घसीटकर ले गए, बेरहमी से पीटा
रविवार दोपहर 1 बजे, बाबूलाल साकेत समेत 10 लोग बुजुर्ग को घसीटकर अपने घर ले गए। वहां उन्होंने मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी बेरहमी से पिटाई की। शोर सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक परमेश्वर प्रसाद साकेत की मौत हो चुकी थी।
पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर दिया घटना को अंजाम
सुबह गांव के प्रवीण सिंह चौहान के उकसाने पर विपक्षी पक्ष ने दोबारा निर्माण कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस कार्रवाई से नाराज होकर आरोपियों ने दोपहर में इस जघन्य हत्या को अंजाम दिया।
परिजनों और ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
हत्या के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को जिला अस्पताल के बाहर रखकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने समझाइश देकर स्थिति को संभाला और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस का बयान
थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया,
“सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।”








