Re. No. MP-47–0010301

सीधी:करंट लगने से युवक की मौत, बिजली कंपनी पर लापरवाही का आरोप

सीधी:करंट लगने से युवक की मौत, बिजली कंपनी पर लापरवाही का आरोप

सीधी, 17 मार्च 2025 – जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र के वार्ड-08 मधुरी कोठार में 22 वर्षीय राहुल पाल की हाई वोल्टेज करंट लगने से मौत हो गई। घटना तब हुई जब राहुल, बकरियों के लिए पत्तियां काटने बबूल के पेड़ पर चढ़ा था। ऊपर से गुजर रही 33 हजार केवी की लाइन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही जान चली गई।

घंटों तक पेड़ पर लटका रहा शव, प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

हादसे के बाद राहुल का शव कई घंटों तक पेड़ पर लटका रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और पुलिस की देरी से लोगों में रोष बढ़ गया। जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

बिजली कंपनी की लापरवाही से गई जान?

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि खतरनाक रूप से झूल रहे बिजली के तारों की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यदि समय रहते बिजली विभाग सतर्क होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था।

ग्रामीणों ने चेताया – कार्रवाई नहीं तो आंदोलन

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द तारों की मरम्मत और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करेंगे।

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही संबंधित विभाग से जवाब तलब किया जा सकता है।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!