सीधी: डॉक्टर के इंजेक्शन लगाते ही मरीज की मौत, चिकित्सक फरार

सीधी।
सीधी जिले में एक गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही का मामला सामने आया है। लाइफ केयर अस्पताल में 20 दिन पहले हर्निया का ऑपरेशन कराने वाले 60 वर्षीय रामलाल अगरिया की चेकअप के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बता दें कि चिकित्सक सरकारी सेवा में सेवारत है और एक निजी अस्पताल समेत खुद के क्लीनिक में सेवा देते हैं। आपरेशन निजी अस्पताल में करने के बाद खुद के क्लीनिक में चेकअप के दौरान यह हादसा हुआ है।
इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी हालत, मौके पर हुई मौत
ग्राम छिउलहा निवासी रामलाल अगरिया शनिवार शाम 5 बजे आद्या क्लिनिक में चेकअप कराने पहुंचे थे। डॉ. राजेश कोल ने उन्हें इंजेक्शन लगाया, लेकिन इसके तुरंत बाद ही रामलाल की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
डॉक्टर फरार, परिजनों का हंगामा

घटना के बाद डॉ. राजेश कोल शव को जिला अस्पताल भिजवाकर क्लिनिक बंद कर फरार हो गए। मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिजन आक्रोशित हो गए और जिला अस्पताल में हंगामा करने लगे। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने लिया संज्ञान, डॉक्टर की तलाश जारी
कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार डॉक्टर की तलाश की जा रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. दीपा रानी इसरानी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस मेडिकल लापरवाही और गैर इरादतन हत्या की दिशा में जांच कर रही है।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषी पाए जाने पर डॉक्टर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








