सीधी: अवैध पिस्टल और नशीली सिरप के साथ तस्कर गिरफ्तार
सीधी।
पुलिस ने अवैध हथियार और नशीली सिरप की तस्करी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर 1.5 लाख रुपये कीमत की पिस्टल व 100 शीशी कोडीन युक्त कफ सिरप जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
थाना रामपुर नैकिन के चौकी प्रभारी खड्डी सहायक उप निरीक्षक नीरज साकेत को सूचना मिली थी कि ग्राम खैरा पन्ना पुल नहर के पास एक व्यक्ति अवैध नशीली कफ सिरप बेच रहा है और उसके पास हथियार भी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
भागने की कोशिश, लेकिन पुलिस ने पकड़ा
पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रिंकू सिंह गोंड (32 वर्ष), निवासी गिजवार, थाना मझौली, जिला सीधी बताया।
हथियार और नशीली दवाओं की बरामदगी
आरोपी की तलाशी लेने पर 7.65mm की अवैध पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस मिले, जिसकी कीमत 1,25,000 रुपये आंकी गई। इसके अलावा, पास में रखी सफेद बोरी की तलाशी ली गई, जिसमें ONREX-WINGS कंपनी की 100 शीशियां (कीमत 19,500 रुपये) नशीली कफ सिरप पाई गई। कुल जब्ती की कीमत 1,44,500 रुपये है।
एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 8/21, 22, 29, ड्रग्स कंट्रोल एक्ट 5/13, और आर्म्स एक्ट 25/27 के तहत मामला दर्ज किया गया। वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल, सीधी भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक नीरज साकेत, प्रधान आरक्षक दयानंद रावत, आरक्षक प्रकाश सिंह, लेखराज पटेल, अंकित साहू, रविंद्र सिंह, और चालक सोनू साकेत की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा ने बताया कि सीधी जिले में नशा और अवैध हथियारों के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।








