सिंगरौली में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.5 मापी गई

सिंगरौली। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में गुरुवार दोपहर 3:07 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई और इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था।
आसपास के जिलों में भी महसूस किए गए झटके
भूकंप के झटके सिंगरौली के अलावा, सीधी, उत्तर प्रदेश के सोनभद्र, मिर्जापुर और छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भी महसूस किए गए। झटके महसूस होते ही कई लोग घर से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर चले गए, हालांकि, कुछ लोगों को कंपन का अहसास नहीं हुआ।
जान-माल के नुकसान की खबर नहीं
जिला प्रशासन के अनुसार, भूकंप से किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। विशेषज्ञों के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर 3-7 तीव्रता वाले भूकंप हल्की श्रेणी में आते हैं, जिनमें भारी नुकसान की संभावना कम होती है।
डेढ़ महीने में दूसरी बार भूकंप से लोगों में दहशत
गौरतलब है कि इससे पहले 17 फरवरी को सुबह 8:02 बजे भी सिंगरौली में भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता 4.0 मापी गई थी और उसका केंद्र 261 किलोमीटर की गहराई में था। डेढ़ महीने में दूसरी बार भूकंप आने से इलाके के लोगों में डर का माहौल है।
विशेषज्ञों की सलाह
भूकंप के लगातार झटकों को देखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। हल्के झटकों के बावजूद, भविष्य में किसी बड़े भूकंप की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, इसलिए प्रशासन और नागरिकों को एहतियात बरतने की जरूरत है।








