Re. No. MP-47–0010301

मध्यप्रदेश में ‘स्कूल चले हम’ अभियान का आगाज, सीएम ने किया बड़ा ऐलान

मध्यप्रदेश में ‘स्कूल चले हम’ अभियान का आगाज, सीएम ने किया बड़ा ऐलान

भोपाल। मध्य प्रदेश में आज से ‘स्कूल चले हम’ अभियान 2025 की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर सीएम राइज स्कूलों का नाम बदलकर ‘सांदीपनि स्कूल’ रखने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि “सीएम राइज नाम ब्रिटिश कालीन लगता था, इसलिए इसे हमारे महान ऋषि सांदीपनि के नाम पर किया गया है।”

नई शिक्षा नीति के तहत छात्रों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल के शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अरेरा कॉलोनी में राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की शिक्षा भी किसी से कम नहीं है और कई महान हस्तियां यहीं से पढ़कर आगे बढ़ी हैं। इस मौके पर जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और उद्योग मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप भी उपस्थित रहे।

पहली बार समय पर शैक्षणिक सामग्री वितरण

स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बताया कि इस बार 1 अप्रैल से ही छात्रों को उनके बैग में किताबें उपलब्ध होंगी। यह पहली बार है कि समय पर पूरे राज्य में शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में नई शिक्षा नीति (NEP) को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा और व्यावसायिक कौशल का लाभ मिलेगा।

बेटियों को जुलाई से मिलेगी साइकिल

मंत्री ने घोषणा की कि जुलाई से बेटियों को साइकिल दी जाएगी, जिससे वे आसानी से स्कूल जा सकेंगी। उन्होंने शिक्षकों और शिक्षा विभाग को बधाई दी कि इस बार 1 अप्रैल से ही सभी विद्यार्थी अपनी नई कक्षा में प्रवेश कर रहे हैं, जो एक ऐतिहासिक पहल है।

एजुकेशन पोर्टल 3.0 की हुई शुरुआत

मुख्यमंत्री ने शिक्षा पोर्टल 3.0 का शुभारंभ किया, जिससे सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के प्रवेश की कार्यवाही ‘स्टूडेंट डायरेक्ट्री मैनेजमेंट सिस्टम’ पर होगी। इस पोर्टल में स्कूल शिक्षा विभाग से संबंधित सभी जानकारियां उपलब्ध होंगी।

प्रदेशभर में हो रहा प्रवेशोत्सव

राज्य के सभी जिलों में प्रवेशोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिलों के प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि इस कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें वितरित की जा रही हैं

शिक्षा विभाग का लक्ष्य – सभी बच्चों का नामांकन

शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि शाला से बाहर रह रहे बच्चों का नामांकन कराया जाए। ग्राम और बस्तियों में अभिभावकों को जागरूक करने के लिए स्कूल स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कक्षा 1 से 8 तक सभी शालाओं में बालसभा का आयोजन और विशेष भोजन की व्यवस्था की गई है।

औद्योगिक विकास और शिक्षा को जोड़ा जाएगा

प्रदेश के उद्योग मंत्री चेतन कश्यप ने कहा कि सरकार औद्योगिक विकास और शिक्षा के बीच संबंध मजबूत कर रही हैउज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर और सागर में इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया गया है, जिससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मध्यप्रदेश में ‘स्कूल चले हम’ अभियान 2025 शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने के लिए शुरू किया गया है। सीएम राइज स्कूलों का नाम बदलकर ‘सांदीपनि स्कूल’ रखने, समय पर शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने, नई शिक्षा नीति लागू करने और बेटियों को साइकिल देने जैसे निर्णय शिक्षा को सुलभ और उन्नत बनाने की ओर एक बड़ा कदम है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!