सीधी में अंधी हत्या का खुलासा, होली की रात शराब के नशे में की थी दोस्त की हत्या
कोतवाली पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, शव घर के पीछे छिपाया गया था
सीधी।
होली के उल्लास के बीच सीधी जिले में एक जघन्य वारदात ने सनसनी फैला दी थी। अब इस अंधी हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बहेरा में 14 मार्च को एक अज्ञात युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने 62 वर्षीय आरोपी बड़का साहू को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने शराब के नशे में अपने साथी की हत्या कर दी थी।
क्या है पूरा मामला:
ग्राम बहेरा निवासी जमुना प्रसाद कुशवाहा ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी थी कि उसके घर के पीछे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव की पहचान सतीश कुमार पाठक (32 वर्ष), निवासी जगतपुर थाना अमिलिया के रूप में हुई।
शराब के नशे में हुई हत्या:
जांच में सामने आया कि मृतक का परिचित बड़का साहू वारदात के पीछे था। पूछताछ में बड़का ने कबूल किया कि होली की रात वह और सतीश साथ में शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने लात-घूंसे से हमला कर सतीश की जान ले ली। बाद में डर के मारे उसने शव को घसीटकर सरोज कुशवाहा के घर के पीछे फेंक दिया।
पुलिस का कुशल नेतृत्व:
इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक डॉ. रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, डीएसपी गायत्री तिवारी और थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा की टीम द्वारा किया गया। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
टीम को सराहना:
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक राजमणि अहिरवार, सहायक उप निरीक्षक बी.एल. यादव, आरक्षक आदर्श सिंह, सुरेंद्र सिंह, संजय सोलंकी एवं साइबर सेल सीधी की भूमिका महत्वपूर्ण रही।








