Re. No. MP-47–0010301

Sidhi24newsलाडली बहना योजना की अप्रैल माह की सहायता राशि का अंतरण 16 अप्रैल को

लाडली बहना योजना की अप्रैल माह की सहायता राशि का अंतरण 16 अप्रैल को

पन्ना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 अप्रैल (बुधवार) को मण्डला जिले के ग्राम टिकरवारा से मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को अप्रैल माह की सहायता राशि का अंतरण करेंगे। यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा, जिसका सीधा प्रसारण जिले के सभी नगरीय निकाय वार्डों और ग्राम पंचायत स्तर तक वेबकास्ट के माध्यम से किया जाएगा।

कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। इस संबंध में कलेक्टर श्री सुरेश कुमार ने जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

पन्ना जिले की कुल 1,83,398 महिलाओं को लाडली बहना योजना का सीधा लाभ मिलेगा। इन सभी लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में अप्रैल माह की सहायता राशि के रूप में कुल 22 करोड़ रुपए से अधिक की राशि हस्तांतरित की जाएगी। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर माह ₹1,250 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे वे अपने घरेलू खर्चों में आत्मनिर्भर बन सकें। यह योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक 15 अप्रैल को

इधर, जिले में सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हेतु जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक 15 अप्रैल को अपराह्न 3 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। यह बैठक कलेक्टर श्री सुरेश कुमार की अध्यक्षता में होगी। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री जे.पी. सोनकर ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों, नगरपालिका प्रतिनिधियों, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग तथा अन्य सदस्यों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात प्रबंधन, जन जागरूकता अभियान और चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों पर विशेष चर्चा की जाएगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!