कमिश्नर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टरों को दिए निर्देश
शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों पर दें विशेष ध्यान – कमिश्नर
30 अप्रैल तक खाद्य सुरक्षा योजना के सभी हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूर्ण करें – कमिश्नर
पेयजल व्यवस्था और गेहूं उपार्जन की सतत निगरानी करें – कमिश्नर
सीधी, 15 अप्रैल 2025
रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के सभी कलेक्टरों से चर्चा करते हुए शासन की उच्च प्राथमिकता वाली योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने सभी कलेक्टरों से इन योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान जन-जन का अभियान बने। जल संरक्षण के लिए प्रस्तावित कार्यों को एक सप्ताह के भीतर प्रशासकीय और तकनीकी स्वीकृति देकर उत्सव के रूप में प्रारंभ किया जाए।
राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण
उन्होंने कहा कि दो वर्ष से अधिक पुराने सभी राजस्व प्रकरणों का तीन माह में निराकरण करें, वहीं सीमांकन से संबंधित प्रकरण एक माह में निपटाएं। लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत समयसीमा में कार्य न होने पर संबंधितों पर जुर्माना लगाया जाए। सीएम हेल्पलाइन में 50 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को 7 दिन में निपटाने के निर्देश भी दिए।
गेहूं उपार्जन की निगरानी और किसानों को भुगतान
कमिश्नर ने कहा कि उपार्जन केंद्रों में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें और किसानों को 3 दिन में भुगतान हो। राजस्व अधिकारी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें।
पेयजल आपूर्ति और सुधार कार्यों के निर्देश
गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति की सतत निगरानी की जाए। हैंडपंप बंद होने पर सिंगल फेज मोटर से पानी पहुंचाएं और पेयजल समस्या वाले गांवों में विशेष ध्यान दें। जिला व विकासखंड स्तर पर कंट्रोल रूम बनाएं।
खाद्यान्न वितरण एवं ई-केवाईसी
खाद्य सुरक्षा योजना के तहत सभी लाभार्थियों की 30 अप्रैल तक ई-केवाईसी पूरी कराई जाए। मृत अथवा स्थाई रूप से पलायन कर चुके लाभार्थियों के नाम हटाए जाएं। नागरिक आपूर्ति निगम तीन दिनों में उचित मूल्य की दुकानों में शत-प्रतिशत खाद्यान्न भंडारण कराए।
अन्य निर्देश
कमिश्नर ने ‘स्कूल चलें हम’ अभियान, निःशुल्क पुस्तक वितरण, वृक्षारोपण और सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण को लेकर भी निर्देश दिए। बैठक में सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने बताया कि सभी कार्य तय समय-सीमा में पूर्ण किए जाएंगे।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अंशुमन राज, एसडीएम सिहावल एसपी मिश्रा, मझौली आरपी त्रिपाठी, चुरहट शैलेश द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।








