Re. No. MP-47–0010301

सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक बोले – “मरीजों को मिलें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं”

सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक बोले – “मरीजों को मिलें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं”

सिहावल, 17 अप्रैल – सिहावल विधायक श्री विश्वामित्र पाठक ने आज सिविल अस्पताल सिहावल में रोगी कल्याण समिति की साधारण सभा की अध्यक्षता करते हुए कहा कि अस्पतालों में सभी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार हेतु कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका शत-प्रतिशत क्रियान्वयन ज़रूरी है।

विधायक ने बैठक में अस्पताल में निरंतर विद्युत आपूर्ति, शुद्ध पेयजल, शौचालयों की मरम्मत, तथा साफ-सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही। अस्पताल भवन की पुताई और फर्श की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन वाहनों की मरम्मत की आवश्यकता है, उन्हें शीघ्र दुरुस्त कर मरीजों को समुचित सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के बेहतर संचालन हेतु आवश्यक कम्प्यूटर व प्रिंटर क्रय करने का भी निर्णय लिया गया।

श्री पाठक ने कहा, “रोगी कल्याण समिति के माध्यम से शासन की सभी स्वास्थ्य सेवाएं मरीजों तक प्रभावी ढंग से पहुँचें, यह हमारी प्राथमिकता है।”

इस अवसर पर एसडीएम सिहावल श्री एस.पी. मिश्रा, सीईओ जनपद पंचायत श्री रविशंकर मिश्रा, बीएमओ डॉ. संजय पटेल सहित रोगी कल्याण समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!