Re. No. MP-47–0010301

थाना परिसर में घुसकर हेड कांस्टेबल को मारी गोली, हालत गंभीर 

थाना परिसर में घुसकर हेड कांस्टेबल को मारी गोली, हालत गंभीर 

सतना जिले के जैतवारा थाना परिसर में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात एक नकाबपोश युवक ने हेड कांस्टेबल प्रिंस गर्ग को गोली मार दी। घटना उस वक्त की है जब कांस्टेबल ड्यूटी से लौटकर खाना खाने की तैयारी कर रहे थे। युवक ने थाने के बैरक के बाहर से आवाज दी, जैसे ही प्रिंस बाहर आए, उस पर कट्टे से फायर कर दिया। गोली कांधे और सीने के बीच लगी और हमलावर मौके से फरार हो गया।

फायरिंग की आवाज सुनकर थाने का स्टाफ बाहर आया और घायल प्रिंस को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर किया गया। प्रिंस की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी आशुतोष गुप्ता और अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल से जानकारी ली। बाद में सीएसपी महेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है और पुलिस टीमें गिरफ्तारी के लिए रवाना कर दी गई हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है।

हेड कांस्टेबल गर्ग ने अधिकारियों को बताया कि हमलावर ने मुंह बांध रखा था, हालांकि घायल प्रधान आरक्षक ने एक व्यक्ति पर शंका जाहिर की है जो कुछ दिनों पहले एक वाहन को लेकर विवाद के चलते नाराज था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी गौरव राजपूत खुद संजय गांधी अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मी से मुलाकात कर चिकित्सकों से स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इस मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए इसे ‘जंगलराज से भी बदतर’ बताया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!