Re. No. MP-47–0010301

नागरिक सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : सीएम मोहन यादव

नागरिक सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : सीएम मोहन यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में प्रदेश की समग्र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा हमारा परम धर्म है, और वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरी नागरिक सेवाओं को निर्बाध और सुरक्षित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम तत्काल प्रभाव से उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी-अपनी व्यवस्थाओं को मजबूत करें तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से कोई कोताही न बरती जाए।

राष्ट्र विरोधी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि राष्ट्र विरोधी किसी भी प्रचार पर कठोर अंकुश लगाया जाए। नागरिकों को अफवाहों से सावधान रहने के लिए जागरूक किया जाए और सत्य एवं प्रमाणिक जानकारी ही सार्वजनिक की जाए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जाए।

आपदा प्रबंधन को किया जाए सशक्त

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन एवं अन्य आपात सेवाओं को पूर्णतः सक्रिय एवं मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों से कहा कि आपसी समन्वय को बेहतर बनाएं और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तत्परता और सजगता के साथ तैयार रहें।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि परिस्थितियां सामान्य होने तक नागरिक सुविधाओं से संबंधित विभागों के अधिकारी एवं फील्ड स्टाफ अवकाश पर न जाएं, ताकि सभी सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित हो सकें।

बैठक में शामिल हुए वरिष्ठ अधिकारी

इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव (गृह) श्री जे.एन. कंसोटिया, अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय एवं जल संसाधन) डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना, डीजी होमगार्ड श्री अरविंद कुमार, एडीजी गुप्तवार्ता श्री ए. साईं मनोहर, सैन्य अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!