Re. No. MP-47–0010301

भारत-पाक तनाव के बीच मध्यप्रदेश हाई अलर्ट पर

भारत-पाक तनाव के बीच मध्यप्रदेश हाई अलर्ट पर, सीएम ने दिए व्यापक सुरक्षा निर्देश

भोपाल। भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनावपूर्ण हालातों के मद्देनज़र मध्यप्रदेश सरकार ने प्रदेशभर में उच्च सतर्कता के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों (SP) से संवाद कर अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।

प्रशासनिक मशीनरी पूर्ण सतर्कता में

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सायरन, मॉकड्रिल और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था हर जिले में सुनिश्चित की जाए। नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बना रहे, इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर तक जागरूकता अभियान चलाया जाए।

सामान्य प्रशासन विभाग ने 13 प्रमुख विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी हैं। अब केवल आपात परिस्थितियों में ही अवकाश की अनुमति दी जाएगी।

आपात स्थिति के लिए यह व्यवस्थाएं रहेंगी तैयार

  • अस्पतालों में डॉक्टर, जीवन रक्षक दवाएं और ब्लड बैंक स्टॉक सुनिश्चित किया जाए।
  • पीने के पानी, बिजली और सड़क सुरक्षा में किसी भी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए।
  • फायर ब्रिगेड, जनरेटर, अस्थायी निवास, और राहत केंद्रों की व्यवस्था पूर्णत: तैयार रखी जाए।
  • सोशल मीडिया पर नजर रखी जाए और राष्ट्रविरोधी, भ्रामक पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
  • पेट्रोल, डीजल, घरेलू गैस और खाद्य सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे।

संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा होगी प्राथमिकता

जिलों में अति संवेदनशील स्थानों जैसे अस्पताल, पावर प्लांट, तेल-गैस डिपो, धार्मिक स्थल, और भारत सरकार के संस्थानों की सुरक्षा को लेकर अपडेटेड सूची और कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कंट्रोल रूम और वॉलंटियर्स की तैनाती

राज्य एवं जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष (Control Room) सक्रिय किए जाएंगे। राहत कार्यों में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस, सिविल वॉलंटियर्स और रिटायर्ड फौजियों की सहायता लेने पर ज़ोर दिया गया है।

उद्योगों और संचार सेवाओं को नहीं रोका जाएगा

उद्योगों का उत्पादन निर्बाध रूप से जारी रहेगा और उनकी सुरक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी होगी। संचार सेवाओं को चालू बनाए रखने के लिए टेलीकॉम कंपनियों से समन्वय किया जाएगा।

वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे फील्ड में

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों से फील्ड में सक्रिय रहने, जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर आमजन को जागरूक करने और संवेदनशील स्थानों पर मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दिए।

बैठक में शीर्ष अधिकारी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन में हुई इस आपात बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, डॉ. राजेश राजौरा, जे.एन. कंसोटिया, संजय दुबे, अरविंद कुमार, ए. साईं मनोहर सहित सभी प्रमुख सचिव और वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!