Re. No. MP-47–0010301

सेवानिवृत्त जनसंपर्क अधिकारी अरुण मिश्रा नहीं रहे — जनसंपर्क विभाग ने दी अंतिम विदाई में श्रद्धांजलि

सेवानिवृत्त जनसंपर्क अधिकारी अरुण मिश्रा नहीं रहे — जनसंपर्क विभाग ने दी अंतिम विदाई में श्रद्धांजलि

कमिश्नर सुदाम खाड़े सहित प्रदेशभर के जनसंपर्क अधिकारियों ने जताया शोक

सीधी | 12 मई 2025
जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ और समर्पित अधिकारी रहे श्री अरुण मिश्रा का आज प्रातः 3 बजे रीवा में हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे लंबे समय से लीवर सिरोसिस की बीमारी से पीड़ित थे और हाल ही में स्वास्थ्य में सुधार के संकेत मिल रहे थे, लेकिन अचानक हुए गंभीर हृदयाघात ने सबको स्तब्ध कर दिया।

सेवा से सम्मान तक

मूलतः सतना जिले के निवासी श्री मिश्रा ने अपने शासकीय जीवन की शुरुआत स्वास्थ्य विभाग से की थी। वर्ष 1992 में जनसंपर्क विभाग में सहायक सूचना अधिकारी के पद पर नियुक्त हुए और उसके बाद मंडला, डिंडोरी, उमरिया, सीधी, सिंगरौली व रीवा जिलों में अपनी सेवाएं दीं। अपने सरल व्यवहार, अनुशासन और दक्षता के लिए वे हमेशा सहकर्मियों के बीच सम्मानित रहे।

श्री मिश्रा 31 अक्टूबर 2023 को सेवानिवृत्त हुए थे और तब से रीवा में ही निवास कर रहे थे। 3 मई को बीमार पड़ने के बाद उन्हें प्रार्थना अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ इलाज के बाद वे लगभग स्वस्थ हो गए थे। लेकिन 10 मई को आया सीवियर हार्ट अटैक उनकी स्थिति फिर से गंभीर बना गया और आखिरकार 12 मई की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार रीवा में ही किया गया।

श्रद्धांजलि व शोक संदेश

जनसंपर्क आयुक्त श्री सुदाम खाड़े ने श्री मिश्रा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “श्री मिश्रा विभाग के अत्यंत समर्पित अधिकारी थे, उनका जाना विभागीय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।”

सीधी जिला जनसंपर्क कार्यालय में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया एवं श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
जनसंपर्क संघ के पदाधिकारियों व प्रदेशभर के जनसंपर्क अधिकारियों ने भी गहन दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।


श्री अरुण मिश्रा की स्मृतियां उनके कार्यों, व्यवहार और समर्पण में हमेशा जीवित रहेंगी।
ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!