सीधी में आसमानी बिजली गिरने से महिला की मौत, 5 लोग झुलसे, बच्चों की हालत गंभीर
सीधी। जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सरेह गांव में सोमवार की रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। तेज बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने एक महिला की जान ले ली, जबकि पांच अन्य लोग झुलस गए। हादसा रात करीब 8 बजे हुआ, जब गांव के दो परिवार अपने घरों के पास आम के पेड़ के नीचे बैठे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजली सीधे एक आम के पेड़ पर गिरी। उसी वक्त पेड़ के आसपास खड़ी 50 वर्षीय सिमिया मौर्या इसकी चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, पास में मौजूद राम अनुज कोरी (25), अर्जुन कोरी (27), सीमा कोरी (22), आशीष कोरी (5) और रूही कोरी (2) झुलस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में पदस्थ डॉ. अरविंद सोनी ने बताया कि दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। बाकी घायलों का इलाज जारी है।
हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
प्राकृतिक आपदा ने फिर एक बार ग्रामीण अंचल की संवेदनशीलता और सतर्कता की ज़रूरत को रेखांकित कर दिया है।








