Re. No. MP-47–0010301

हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से किसान की मौत, दो भैंसों की भी गई जान

हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से किसान की मौत, दो भैंसों की भी गई जान

रीवा जिले की जवा तहसील के ग्राम चटेह में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सुबह करीब 7 बजे खेत की ओर जा रहे 59 वर्षीय किसान गोपीकृष्ण मिश्रा की जमीन पर लटक रही बिजली की हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी दो भैंसें भी करंट की चपेट में आकर मारी गईं।

आंधी-तूफान से टूटी थी विद्युत लाइन

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार को आए तेज आंधी-तूफान के चलते कई पेड़ों और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचा। चटेह गांव के पास से गुजर रही 11 केवी की विद्युत लाइन भी इसी दौरान टूटकर जमीन पर गिर गई थी। विभाग द्वारा समय रहते पावर सप्लाई बंद न करने के कारण यह बड़ा हादसा हो गया।

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों में हादसे को लेकर आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही और समय पर सुधार कार्य न कराने के चलते यह दुर्घटना हुई। ग्रामीणों का कहना है कि लाइन टूटी पड़ी थी, लेकिन विभाग की टीम ने घंटों तक कोई कार्रवाई नहीं की।

परिवार की मांग: मिले 10 लाख का मुआवजा

मृतक के परिजन दिनेश मिश्रा ने प्रशासन से 10 लाख रुपए मुआवजे, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और बिजली लाइनों की नियमित जांच की मांग की है। उनका कहना है कि गोपीकृष्ण मिश्रा खेती और पशुपालन से पूरे परिवार का पालन-पोषण करते थे।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

जवा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच जारी है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!