सड़क हादसे में घायलों की मदद पर मिलेगा 25 हजार का इनाम, देखिए मोहन कैबिनेट के कई बड़े फैसले
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अगुवाई में मंगलवार को इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा स्थित गणेश हॉल में कैबिनेट बैठक का आयोजन हुआ। इस बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए, जिनमें सबसे सराहनीय फैसला राहवीर योजना के तहत सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वालों को 25 हजार रुपए का इनाम देना शामिल है।
घायलों की मदद पर मिलेगा पुरस्कार
कैबिनेट के इस निर्णय के तहत अगर कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाता है, तो उसे 25 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। शर्त यह है कि मददगार तत्काल एम्बुलेंस को कॉल करे और अस्पताल पहुंचाने तक सहयोग करे।
पीएम मोदी का दौरा और महिला सम्मेलन
बैठक के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को भोपाल आएंगे और दो लाख से अधिक महिलाओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पीएम इस दौरान इंदौर मेट्रो, दतिया और सतना एयरपोर्ट का लोकार्पण भी करेंगे।
कैबिनेट के 5 प्रमुख फैसले:
- राहवीर योजना: सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वालों को मिलेगा ₹25,000 का इनाम।
- स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश: इंदौर के एमवाय अस्पताल के विकास के लिए ₹773 करोड़ और रीवा जिला अस्पताल के लिए ₹321 करोड़ स्वीकृत।
- आदि शंकराचार्य योजना: ओंकारेश्वर में प्रतिमा स्थल पर सनातन परंपराओं के विकास हेतु ₹2100 करोड़ का प्रावधान।
- स्वच्छता अभियान: सीएम शहरी स्वच्छता कार्यक्रम के पुनः शुभारंभ के लिए ₹277 करोड़ का बजट स्वीकृत।
- बुनकर कल्याण योजना: स्किल डेवलपमेंट के लिए ₹100 करोड़ और बुनकरों को ब्याज में राहत।
5 मेट्रोपॉलिटन विकास प्राधिकरण गठित होंगे
इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में मेट्रोपॉलिटन विकास प्राधिकरण गठित करने का भी निर्णय लिया गया है। इसमें देवास और धार के कुछ हिस्से भी शामिल किए जाएंगे। यह व्यवस्था पेयजल, यातायात, कृषि और बुनियादी जरूरतों की भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखकर की गई है। सीएम इसके चेयरमैन होंगे।
संस्कृति का सम्मान और परंपरा का निर्वाह
बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने देवी अहिल्या की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनका स्मरण किया। मंत्रियों ने पारंपरिक धोती-कुर्ता और भगवा दुपट्टा पहनकर बैठक में भाग लिया, जिससे सांस्कृतिक गौरव का संदेश गया।








