Re. No. MP-47–0010301

सीधी:देर रात बोलेरो और कार में आमने-सामने भिड़ंत, दो लोगों की मौत, आधा दर्जन घायल

सीधी:देर रात बोलेरो और कार में आमने-सामने भिड़ंत, दो लोगों की मौत, आधा दर्जन घायल

जननी वाहन चालक की लापरवाही से एक घायल की समय पर उपचार न मिलने से मौत

सीधी, 27 मई।
ब्यौहारी-सीधी मार्ग पर चमराडोल के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। यह टक्कर बोलेरो और कार के आमने-सामने भिड़ जाने से हुई, जिसमें बुढ़ार निवासी अंकित शर्मा और बसंत सिंह की जान चली गई। घायलों को ब्यौहारी और मझौली स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रात लगभग 12:30 बजे हुआ जब तेज रफ्तार बोलेरो और कार आमने-सामने टकरा गईं। अंकित शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को पुलिस की मदद से जननी वाहन द्वारा सीएचसी मझौली लाया गया।

जननी वाहन चालक की लापरवाही बनी मौत का कारण
घटना के बाद बसंत सिंह और सुनील विश्वकर्मा को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। हालांकि सुनील की मौत हो चुकी थी जबकि डॉक्टर द्वारा बसंत सिंह को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन जननी वाहन चालक ने घायल को ले जाने से इनकार कर दिया। बताया गया कि लगभग डेढ़ घंटे तक बसंत सिंह वाहन में ही तड़पते रहे और वहीं दम तोड़ दिया।

ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और पुलिस जवान घायल को ले जाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन जननी वाहन चालक मोबाइल में व्यस्त रहा और किसी की बात नहीं सुनी। उसकी इस हठधर्मिता और घोर लापरवाही ने एक घायल की जान ले ली।

प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने न सिर्फ सड़क सुरक्षा, बल्कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। जननी वाहन जैसी सरकारी आपात सेवा में तैनात चालक का ऐसा असंवेदनशील व्यवहार निंदनीय है।

जांच और कार्रवाई की मांग
परिजनों और स्थानीय लोगों ने जननी वाहन चालक पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, हादसे के सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!