Re. No. MP-47–0010301

सीएम ने किया लाड़ली बहना की राशि बढ़ाने का ऐलान

सीएम ने किया लाड़ली बहना की राशि बढ़ाने का ऐलान, 464 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण

बैतूल, 29 मई – मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को बैतूल जिले के सारणी पहुंचे, जहां उन्होंने स्व-सहायता समूह सम्मेलन और विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने ‘लाड़ली बहना योजना’ की राशि को बढ़ाकर 3 हजार रुपये प्रतिमाह करने का बड़ा ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा, “बहनों की आय बढ़ाने के लिए ‘लखपति दीदी’ अभियान चलाया जा रहा है, जिससे स्व-सहायता समूह की 350 से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। जल्दी ही लाड़ली बहनों के खातों में 3 हजार रुपये प्रतिमाह की राशि आने लगेगी।”

कार्यक्रम के दौरान एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब केंद्रीय राज्यमंत्री डीडी उइके, जो उम्र में डॉ. यादव से वरिष्ठ हैं, ने मंच पर पहुंचकर उनके चरण स्पर्श किए।

सारणी की धरती को बताया ‘शोभा की प्रतीक’

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में मठार देव बाबा और मां ताप्ती का जयघोष करते हुए सारणी की महिमा का गुणगान किया। उन्होंने कहा, “धरती की शोभा सारणी में विद्यमान है। यहां के कोयला भंडार सोने के समान हैं और सारणी ने प्रदेश को ऊर्जा से सराबोर कर विकास की रफ्तार दी है।”

464 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने कुल 464 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके तहत ‘नवाचार एसएचजी से स्टार्टअप’ अभियान के अंतर्गत 4 महिलाओं को 8.5 करोड़ रुपये के ‘इंटेंट टू इन्वेस्ट’ लेटर भी वितरित किए गए।

महिला सशक्तिकरण पर जोर

डॉ. यादव ने रानी अहिल्याबाई होलकर, रानी दुर्गावती और झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का उदाहरण देते हुए महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश सरकार के प्रयासों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “मध्यप्रदेश सरकार संकल्पबद्ध है कि बहनों के जीवन में कभी दुख की छाया न आए।”

शिक्षा और स्वरोजगार को बढ़ावा

रेडीमेड गारमेंट्स फैक्टरी में कार्यरत महिलाओं को 13 हजार रुपये तक की सहायता राशि मिलने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार बच्चों की शिक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। “एक लाख से लेकर एक करोड़ रुपये तक की उच्च शिक्षा सहायता भी सरकार देगी,” उन्होंने कहा।

आतंकवाद पर सख्त रुख

सीएम यादव ने आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार के रुख को दोहराते हुए कहा, “अगर आतंकवादी हमारे देश की बहनों के सिंदूर को देखने की कोशिश करेंगे, तो उन्हें घर में घुसकर मारा जाएगा। यह प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प है।”

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हिरासत

मुख्यमंत्री के दौरे से पहले बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता ज्ञापन देने कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़े, जिन्हें पुलिस ने सलैया गाँव के पास रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं में तीखी झड़प हुई और पुलिस ने 50 से अधिक कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!