Re. No. MP-47–0010301

मऊगंज: शराब दुकान कर्मचारी की हत्या में एक गिरफ्तार, तीन पुलिसकर्मी लाइन अटैच

मऊगंज: शराब दुकान कर्मचारी की हत्या में एक गिरफ्तार, तीन पुलिसकर्मी लाइन अटैच

मऊगंज, 29 मई — लौर थाना क्षेत्र के पताई गांव में शराब दुकान कर्मचारी मनोज कुमार पटेल की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य फरार हैं। इस मामले में लापरवाही बरतने पर थाने के तीन आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया गया है।

21 मई को मनोज पटेल पर अज्ञात हमलावरों ने हमला किया था। गंभीर रूप से घायल मनोज को इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मंगलवार को आक्रोशित परिजन शव लेकर लौर थाने पहुंचे और जमकर हंगामा किया।

पुलिस की मौजूदगी में हमला, परिजनों का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि वारदात के समय पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने हमलावरों को नहीं रोका। मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा एसपी दिलीप कुमार सोनी ने तत्काल संज्ञान लिया और जांच के आदेश दिए।

जांच में सामने आया कि थाने के तीन आरक्षक — अरुणेंद्र सिंह, देवेश चौबे और सूरज तिवारी — बिना वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दिए घटनास्थल पर गए थे। एसपी ने 29 मई की शाम चार बजे तीनों आरक्षकों को लाइन अटैच करने के निर्देश जारी किए।

एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार

पुलिस ने पताई गांव निवासी नित्यानंद मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि तीन अन्य आरोपी — विपुल गौतम, प्रवीण तिवारी और कार्तिकेय शुक्ला — फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर दी है। एसपी ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!