Re. No. MP-47–0010301

जबलपुर से प्रदेश में जल्द दस्तक देगा मानसून, सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना

जबलपुर से प्रदेश में जल्द दस्तक देगा मानसून, सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना

जबलपुर, 30 मई। केरल में तय समय से पहले मानसून पहुंचने के बाद अब मध्यप्रदेश में भी इसके जल्दी आगमन की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून इस समय छत्तीसगढ़ तक पहुंच चुका है और यदि परिस्थितियाँ अनुकूल रहीं, तो जून के दूसरे सप्ताह में जबलपुर सम्भाग के बालाघाट और डिंडोरी जिलों से प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया डिप्रेशन मानसून को गति देगा। अगर यह सिस्टम सक्रिय रहा, तो मानसून की आमद 10 से 12 जून के बीच जबलपुर सम्भाग के रास्ते पूरे मध्यप्रदेश में हो सकती है। इस वर्ष प्रदेश में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

प्री-मानसून गतिविधियों ने बढ़ाई उम्मीदें

फिलहाल जबलपुर सहित सम्भाग के जिलों में प्री-मानसून गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। गुरुवार को सुबह से उमस और तेज गर्मी के बीच दोपहर बाद 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चली और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया। शुक्रवार को भी जबलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।

तापमान में आई गिरावट

गुरुवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। रात का न्यूनतम तापमान भी 24.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री नीचे रहा। बादलों की मौजूदगी और प्री-मानसून हवाओं ने गर्मी से राहत जरूर दी, पर उमस अभी भी लोगों को परेशान कर रही है।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!