कैबिनेट बैठक में बड़े फैसले: अब 17 जून तक होंगे तबादले, मजरा-टोला सड़क योजना को मिली मंजूरी
भोपाल | Sidhi 24 न्यूज़
मध्यप्रदेश की मोहन सरकार ने मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई। सबसे बड़ा निर्णय तबादला अवधि को दूसरी बार बढ़ाने को लेकर लिया गया। अब अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले 17 जून तक किए जा सकेंगे। पहले यह अवधि 10 जून को समाप्त होनी थी, लेकिन शिक्षा विभाग का पोर्टल तैयार न होने के चलते यह फैसला लिया गया।
कैबिनेट में “मुख्यमंत्री मजरा-टोला सड़क योजना” को भी मंजूरी दी गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत 21,630 करोड़ की लागत से 30,900 किमी लंबी सड़कों का निर्माण होगा। योजना का उद्देश्य आदिवासी और दूरदराज़ के इलाकों में बसे मजरे-टोलों को मुख्य मार्गों से जोड़ना है।
ग्रामीण और नगरीय विकास की बड़ी पहलें:
- नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि मजरा-टोला योजना में बसाहटों को जोड़ने के लिए डामर और सीसी रोड बनाई जाएंगी।
- योजना की क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर, सांसद और जनप्रतिनिधियों की सलाहकार समिति बनाई जाएगी।
- सड़क निर्माण में पीएमGSY की शर्तें लागू रहेंगी।
मंडी टैक्स में राहत:
महाराष्ट्र से आयात की जाने वाली तुअर दाल पर मंडी टैक्स में छूट देने का फैसला भी कैबिनेट ने किया है। इससे प्रदेश की दाल मिलों को राहत मिलेगी।
जिला विकास सलाहकार समिति का गठन:
हर जिले में एक जिला विकास सलाहकार समिति बनाई जाएगी, जिसके अध्यक्ष मुख्यमंत्री और उपाध्यक्ष प्रभारी मंत्री होंगे। यह समिति जिले के विकास के लिए रोडमैप तैयार करेगी। जरूरत पड़ने पर राज्य सरकार विकास कार्यों के लिए फंड भी जारी करेगी।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा:
झाबुआ, सिंगरौली, देवास और नर्मदापुरम में 350 बेड वाले वर्किंग वूमन हॉस्टल बनेंगे। इसके लिए केंद्र सरकार ने 40.59 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। निर्माण पीपीपी मॉडल पर होगा।
स्पिरिचुअल एंड वेलनेस समिट को मिली सराहना:
मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा आयोजित स्पिरिचुअल एंड वेलनेस समिट को भी बैठक में सराहा गया। स्वामी चिन्मयानंद जैसे संतों की उपस्थिति में हुए इस समिट को राज्य सरकार ने “समाज हित का प्रयास” बताया।
प्रधानमंत्री मोदी के 11 वर्ष के नेतृत्व को बधाई:
कैबिनेट ने प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 11 वर्षों की उपलब्धियों पर बधाई दी और उनकी योजनाओं से देश में हुए व्यापक विकास की सराहना की।








