Re. No. MP-47–0010301

सीधी:बिना अनुमति चल रहा था मिट्टी उत्खनन, जेसीबी और दो ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त

सीधी:बिना अनुमति चल रहा था मिट्टी उत्खनन, जेसीबी और दो ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त

सीधी, 11 जून 2025।
जिले में अवैध खनन पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशन और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के मार्गदर्शन में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पड़खुरी पवाई 588 में अवैध मिट्टी उत्खनन की शिकायत मिलने पर तहसीलदार रामपुर नैकिन एवं खनिज निरीक्षक द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। मौके पर खसरा क्रमांक 92/1 में एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर ट्रॉली खनिज मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए गए।

बिना अनुमति चल रहा था समतलीकरण का कार्य

निरीक्षण के दौरान वाहन चालकों और भूमि स्वामी से मिट्टी उत्खनन की अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके। भूमि स्वामी ने बताया कि वह खेत का समतलीकरण करवा रहे हैं और वहां से निकाली गई मिट्टी एक ठेकेदार को सड़क निर्माण के लिए दी जा रही है।

हालांकि, बिना वैध अनुमति के खनिज मिट्टी का उत्खनन और परिवहन किया जाना मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रतिबंधित है।

थाने में खड़े कराए गए वाहन, प्रकरण दर्ज

प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से जेसीबी मशीन और दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर रामपुर नैकिन थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया है। साथ ही अवैध खनन का प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

इस कार्रवाई के बाद खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का खनिज उत्खनन, चाहे वह निजी भूमि में ही क्यों न हो, कानूनन अपराध है। भविष्य में भी ऐसी किसी गतिविधि की सूचना मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!