मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन प्रवास पर, महाकाल दर्शन से लेकर लाड़ली बहनों तक सौगातों की बरसात
✍️ ब्यूरो रिपोर्ट | उज्जैन
उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को उज्जैन प्रवास पर रहेंगे और कई अहम कार्यक्रमों में भाग लेंगे। दिन की शुरुआत उन्होंने सावन मास के दूसरे सोमवार पर महाकालेश्वर मंदिर में सपत्नीक भस्मारती दर्शन और गर्भगृह में विशेष पूजा से की। इस दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारी, पुजारीगण और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।


मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से प्रदेशवासियों की समृद्धि और कल्याण की कामना करते हुए कहा, “बाबा महाकाल की असीम कृपा से ही मध्यप्रदेश प्रगति की ओर अग्रसर है। सावन का यह पावन महीना संकल्प और सेवा का सर्वोत्तम समय होता है।”
निषादराज सम्मेलन में विकास की झलक
सीएम यादव दोपहर करीब 1:30 बजे कालिदास अकादमी पहुंचेंगे जहां राज्य स्तरीय निषादराज सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में वे 22.65 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 453 स्मार्ट फिश पार्लर, 40 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक अंडर वॉटर टनल व एक्वा पार्क तथा 91.80 करोड़ की परियोजना के तहत इंदिरा सागर जलाशय में केज आधारित मत्स्य उत्पादन की वर्चुअल आधारशिला रखेंगे।
मुख्यमंत्री 430 मोटर साइकिल विद आइस बॉक्स, 396 केज यूनिट्स, फीडमील परियोजनाएं, तथा मछुआ समुदाय के उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को पुरस्कार और स्वीकृति पत्र भी वितरित करेंगे।
लाड़ली बहनों के खातों में राशि ट्रांसफर
इसके पश्चात दोपहर 2:30 बजे, मुख्यमंत्री नलवा में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की लाड़ली बहनों को बड़ी सौगात देंगे। वे एक क्लिक से राशि अंतरण करेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहेंगी।
डेफर्ड वेजेस और रॉयल्टी चेक का वितरण
मुख्यमंत्री मछुआ महासंघ के हितग्राहियों को 9.63 करोड़ रुपये के डेफर्ड वेजेस का सिंगल क्लिक से वितरण करेंगे। साथ ही रॉयल्टी चेक भी सौंपे जाएंगे।








