Re. No. MP-47–0010301

समाधान ऑनलाइन में मुख्यमंत्री ने सुनी प्रदेशभर के आवेदकों की समस्याएं, दिए तत्काल निराकरण के निर्देश

समाधान ऑनलाइन में मुख्यमंत्री ने सुनी प्रदेशभर के आवेदकों की समस्याएं, दिए तत्काल निराकरण के निर्देश

भोपाल/सीधी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को राजधानी भोपाल स्थित मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “समाधान ऑनलाइन” कार्यक्रम के तहत प्रदेश के 12 जिलों के आवेदकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आवेदनों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी संबंधित कलेक्टरों और विभागीय अधिकारियों से ली तथा हर समस्या के त्वरित और संवेदनशील समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर मिलना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से छात्रवृत्ति भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को उसी वर्ष छात्रवृत्ति मिल जानी चाहिए जिस वर्ष वे परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर जोर देते हुए सभी जिलों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी त्योहारों के मद्देनज़र धार्मिक स्थलों में साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने आपदा या अन्य कारणों से प्रभावित लोगों को दी जाने वाली राहत राशि का वितरण पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता से सुनिश्चित करने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की पीड़ा को समझते हुए प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

इस अवसर पर सीधी जिले के कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा, अपर कलेक्टर अंशुमन राज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न करें।

Leave a Comment

error: Content is protected !!