सीधी में चलाया जाएगा हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने का विशेष अभियान
तीन माह में सभी वाहनों पर अनिवार्य रूप से लगेंगी HSRP, नहीं तो रुक जाएंगी आरटीओ से जुड़ी सेवाएं
सीधी। प्रदेशभर में पंजीकृत वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) अनिवार्य रूप से लगाए जाने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्देशों के बाद यह कदम उठाया गया है, जिसके तहत आगामी तीन माह में यह कार्य पूर्ण किया जाना है।
प्रदेश में 1 अप्रैल 2019 के बाद पंजीकृत सभी वाहनों में एचएसआरपी लगाई जा रही है, लेकिन अब पुराने वाहनों में भी यह प्रक्रिया अनिवार्य होगी। परिवहन विभाग ने जिला परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिले के वाहन डीलरों के साथ समन्वय स्थापित कर वाहन पोर्टल पर अद्यतन स्थिति दर्ज कराएं।
बिना HSRP नहीं मिलेंगी ये सुविधाएं:
यदि किसी वाहन में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगी है तो उस वाहन को निम्नलिखित सेवाएं नहीं मिल पाएंगी:
- पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) प्रमाण पत्र
- डुप्लीकेट आरसी
- पता परिवर्तन की सुविधा
- स्वामित्व परिवर्तन (Ownership Transfer)
- हाइपोथिकेशन जोड़ना/हटाना
- परमिट का नवीनीकरण या हस्तांतरण
- कराधान संबंधित कार्य
- अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC)
- पंजीयन निरस्तीकरण
रोड सेफ्टी और निगरानी में सहायक
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि HSRP लगने से सड़क सुरक्षा सुनिश्चित होगी, क्योंकि ट्रैफिक इन्फोर्समेंट कैमरों में वाहन नंबर की पहचान आसान होगी। इससे हिट एंड रन, चोरी और ट्रैफिक उल्लंघन जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
निगरानी के लिए गठित होंगे दल
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर निगरानी दल बनाए जाएंगे, जो कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे। साथ ही वाहन पोर्टल पर जानकारी अपलोड की जाएगी ताकि हर वाहन की स्थिति रिकॉर्ड में रहे।
नागरिकों से अपील
परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने वाहनों में एचएसआरपी लगवाएं ताकि उन्हें भविष्य में किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। यह कदम न केवल कानूनी अनिवार्यता है, बल्कि सड़क सुरक्षा की दिशा में अहम पहल भी है।








