Re. No. MP-47–0010301

सीधी में आज निकलेगी भव्य तिरंगा साइकिल रैली

सीधी में आज निकलेगी भव्य तिरंगा साइकिल रैली और तिरंगा यात्रा, कलेक्टर ने की व्यापक सहभागिता की अपील

सीधी, 12 अगस्त 2025। आजादी का अमृत महोत्सव एवं हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज सीधी में देशभक्ति का अनूठा उत्सव देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से पूजा पार्क तक भव्य तिरंगा साइकिल रैली एवं तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली/यात्रा प्रातः 10 बजे कलेक्ट्रेट परिसर से शुभारंभ होगी और शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पूजा पार्क तक पहुंचेगी।

इस अवसर पर कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्यों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शासकीय-अशासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों, युवाओं, स्कूली-कॉलेज छात्रों तथा आम नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है।

कलेक्टर ने कहा कि यह सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे साइकिल से अथवा पैदल इस गरिमामय यात्रा में शामिल हों और तिरंगे के सम्मान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम के दौरान तिरंगे की शान में देशभक्ति गीत, नारे और जोशीले उद्बोधन से माहौल गूंजेगा। रैली में शामिल प्रतिभागी तिरंगे के रंगों से सजे रहेंगे, जिससे पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग जाएगा। प्रशासन ने भी यात्रा के सुचारू संचालन के लिए यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और पेयजल जैसी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

आज की यह रैली न केवल स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को गति देगी, बल्कि जिले के हर नागरिक में तिरंगे के प्रति गर्व और सम्मान की भावना को भी और प्रगाढ़ करेगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!