Re. No. MP-47–0010301

पत्नी से अभद्रता का विरोध करना पड़ा महंगा, 10–12 बदमाशों ने किया हमला, व्यापारी रीवा रेफर

सीधी में मोबाइल रिपेयरिंग दुकानदार पर जानलेवा हमला, दुकान में जमकर तोड़फोड़

पत्नी से अभद्रता का विरोध करना पड़ा महंगा, 10–12 बदमाशों ने किया हमला, व्यापारी रीवा रेफर

सीधी। शहर के पुराने बस स्टैंड इलाके में बुधवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में घुसकर 10–12 बदमाशों ने दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया और दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पत्नी से अभद्रता पर भड़के दुकानदार
जानकारी के मुताबिक, नरेंद्र पारवानी की पुराने बस स्टैंड में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। बुधवार को दिनभर के काम के चलते वे खाना नहीं खा पाए थे। रात करीब 8 बजे उनकी पत्नी स्कूटी से खाना लेकर दुकान पर पहुंची। इसी दौरान स्कूटी पास खड़े एक युवक से हल्के से टकरा गई। मामूली घटना को लेकर युवक ने महिला से गाली-गलौज शुरू कर दी।

शोर सुनकर नरेंद्र दुकान से बाहर आए और पत्नी से अभद्रता का विरोध किया। बताया जाता है कि इस पर युवक भड़क गया और फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।

फोन करके साथियों को बुलाता युवक

10–12 हमलावरों ने की पिटाई, दुकान में तोड़फोड़
कुछ ही देर में 10–12 लोग मौके पर आ पहुंचे। आरोपियों ने दुकान में घुसते ही नरेंद्र को पकड़कर बाहर घसीटा और कुर्सी, डंडों व लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान उन्होंने दुकान का सामान इधर-उधर फेंकते हुए काउंटर व शोकेस भी तोड़ दिए।

दुकानदार से मारपीट करते आरोपी

गंभीर हालत में रीवा रेफर
हमले में गंभीर रूप से घायल नरेंद्र को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

व्यापारियों में आक्रोश, पुलिस में शिकायत
घटना की सूचना मिलते ही अन्य व्यापारी और स्थानीय लोग कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। रात करीब 10 बजे तक थाने में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

पुलिस की कार्रवाई
कोतवाली थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना में शामिल संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

स्थानीय लोगों की मांग
घटना के बाद इलाके के व्यापारी व नागरिकों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने, बदमाशों पर सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित व्यापारी को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!