Re. No. MP-47–0010301

भदौरा-शंकरपुर मार्ग कीचड़ में तब्दील, ग्रामीण-छात्र परेशान

भदौरा-शंकरपुर मार्ग कीचड़ में तब्दील, ग्रामीण-छात्र परेशान, एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पा रही गांव

✍️ ब्यूरो कार्यालय, सीधी

सीधी।
जिले की कुसमी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत शंकरपुर के ग्रामीण इन दिनों गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। भदौरा से शंकरपुर जाने वाला वैकल्पिक मार्ग बारिश में पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि बच्चों को स्कूल जाने में भारी दिक्कत हो रही है और ग्रामीणों को बाजार तक पहुंचने में भी मुश्किलें आ रही हैं। आपात स्थिति में एंबुलेंस तक गांव नहीं पहुंच पा रही है।

चुनाव के समय जताई थी नाराजगी

ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से सड़क की मांग की जा रही है। विधानसभा चुनाव के दौरान भी ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर प्रशासन को चेताया था। इसके बाद रेलवे ट्रैक किनारे एक वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था, लेकिन बरसात में यह भी दलदल में बदल गया है।

रेलवे कार्य से और बिगड़ी स्थिति

ग्रामवासी रामरति सिंह ने बताया कि रेलवे विभाग की ओर से नाली निर्माण कार्य चल रहा है, जिसकी वजह से सड़क की हालत और ज्यादा खराब हो गई है। छात्रों को स्कूल तक पहुंचने में परेशानी हो रही है, वहीं ग्रामीणों के लिए जरूरी सामान गांव तक लाना भी मुश्किल हो गया है।

प्रशासन से उम्मीद

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार इस समस्या से जिला प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका। अब लोग कलेक्टर से उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाया जाएगा।

प्रशासन का जवाब

इस मामले पर कुसमी एसडीएम आर. पी. त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे विभाग की ओर से यहां ब्रिज स्वीकृत किया जा चुका है। बरसात के चलते काम शुरू नहीं हो सका है, लेकिन मौसम साफ होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों को आवागमन की स्थायी सुविधा मिल सकेगी।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!